Saharanpur Lekhpal main exam: सहारनपुर में UPSSSC लेखपाल मुख्य परीक्षा कड़ी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में दो पालियों में जारी है, जिसमें 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और सभी केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सख्त व्यवस्था की गई है. अभ्यर्थियों के अनुसार, पेपर सामान्य से मध्यम स्तर का रहा, जबकि प्रशासन ने गर्मी को देखते हुए पेयजल व अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की.
ADVERTISEMENT
आज लेखपाल मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो पालियों में जारी है. परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा कराया गया. जिले में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में परीक्षा आयोजित की गई. वहीं दूसरी पाली दोपहर 2 से 4 बजे तक होगी. परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया.
भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी. पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ तैनात किया गया. परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल पेन, यूएसबी ड्राइव, कैमरा और हेल्थ बैंड समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा. अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और पेन के साथ ही प्रवेश दिया गया.
प्रशासन ने नकल कराने वालों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई. सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा. इसके अलावा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था की गई, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
मेरठ के जानी गांव से परीक्षा देने आए अभ्यर्थी नीरज ने बताया कि पेपर “इजी टू मॉडरेट” स्तर का था. उन्होंने कहा कि लगभग 70 सवाल आसानी से किए जा सकते थे, जबकि कुछ योजनाओं से जुड़े प्रश्न थोड़े कठिन लगे. हिंदी और डीआई सेक्शन सामान्य स्तर के रहे. वहीं जानी खुर्द, मेरठ के मनीष कुमार ने कहा कि परीक्षा अच्छी रही और जिसने तैयारी की होगी, वह आसानी से परीक्षा निकाल सकता है. उन्होंने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की भी सराहना की और कहा कि गर्मी के बावजूद केंद्र पर पंखों और सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था थी.
ADVERTISEMENT









