Saharanpur Murder Case: आसाराम आश्रम में खूनी खेल, 5 लाख के विवाद में संचालक की लोहे की रॉड से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Saharanpur News: सहारनपुर के आसाराम आश्रम में संचालक भरत गुप्ता की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 5 लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में आरोपी गौरव ने सिर पर रॉड मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आला-ए-कत्ल बरामद कर लिया है.

Ashram Murder

Newzo

• 06:14 PM • 15 May 2026

follow google news

Saharanpur News: सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित आश्रम में हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है.

यह भी पढ़ें...

 थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित संत आसारामजी बापू आश्रम में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है. मृतक की पहचान भरत गुप्ता के रूप में हुई है, जो आश्रम में संचालक का कार्य देखता था.

आश्रम निवासी नटवर सिंह ने थाना कुतुबशेर में तहरीर देकर बताया था कि 14 मई 2026, गुरुवार को गौरव कुमार गुप्ता ने भरत गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल भरत गुप्ता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी गई.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव कुमार गुप्ता निवासी लेबर कॉलोनी, थाना कुतुबशेर को रेलवे लाइन के पास बनी शेड के नीचे से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि भरत गुप्ता पर उसके करीब पांच लाख रुपये बकाया थे. पैसे मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने आश्रम के दवाई वितरण कक्ष में रखी लोहे की रॉड से भरत गुप्ता के सिर पर कई वार कर दिए.

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रॉड को अपने बैग में रखकर फरार हो गया और बाद में अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर के पास झाड़ियों में छिपा दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रॉड बरामद कर ली है. आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है.