Saharanpur Traffic Action: एसएसपी अभिनन्दन के सख्त निर्देशों पर सहारनपुर यातायात पुलिस ने शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. दिल्ली रोड स्थित कमिश्नर कार्यालय के बाहर नो एंट्री क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. अभियान का नेतृत्व यातायात प्रभारी अमित तोमर ने किया.
ADVERTISEMENT
दरअसल, विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नो एंट्री में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई. कार्रवाई में मिट्टी से भरे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया गया, जबकि नो एंट्री क्षेत्र में दौड़ रहे 10 भारी वाहनों के चालान काटे गए। यातायात पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 2 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है.
नियम तोड़ने वालों को नहीं बख्सा जाएगा
यातायात प्रभारी अमित तोमर ने कहा कि शहर में जाम की स्थिति पैदा करने वाले और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. नियम तोड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.
आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से भारी वाहन चालकों में डर का माहौल देखा गया. वहीं, शहरवासियों ने यातायात पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान लगातार चलते रहने चाहिए, ताकि शहर में जाम और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके. यातायात पुलिस का कहना है कि आगे भी नो एंट्री, ओवरलोडिंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे सहारनपुर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारु बनी रहे.
ADVERTISEMENT









