Amethi Crime News: उत्तर प्रदेश के अमेठी से संवेदनशील खबर सामने आई है. पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति और वर्तमान विधायक महाराजी प्रजापति के घर पर दबंगों ने जमकर तांडव मचाया. मंगलवार देर शाम करीब 8:30 बजे दो स्कॉर्पियो और कई अन्य गाड़ियों पर सवार होकर दो दर्जन से अधिक लोग विधायक के आवास पर पहुंचे. आरोप है कि इन लोगों ने वहां पहुंचकर विधायक महाराजी प्रजापति को गालियां देनी शुरू कर दीं. आवास पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उन पर हमला कर दिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए.
ADVERTISEMENT
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक के छोटे बेटे अनुराग प्रजापति के अलावा बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर यह पूरा विवाद खड़ा हुआ है. इस बवाल के बाद बड़ी संख्या में समर्थक उनके घर पर एकजुट हैं.
सांसद धर्मेंद्र यादव के करीबी सपा नेता समेत कई नामजद
घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपी समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं. आरोप है कि सांसद धर्मेंद्र यादव के करीबी सपा नेता जय सिंह यादव ने अपने साथियों के साथ इस हमले को अंजाम दिया. विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है. जिन लोगों पर शिकायत दर्ज कराई गई है उनके नाम शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव हैं.
अनुराग प्रजापति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है. इसके साथ ही उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव से भी मांग की है कि इन आरोपियों को तुरंत पार्टी से बाहर निकाला जाए और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. इस मामले में अमेठी कोतवाली के थाना प्रभारी श्रीराम पांडे ने बताया कि विधायक के पक्ष से शिकायत मिली है. पुलिस की टीम मौके के शॉट्स, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और थाने पर जुटी भीड़ की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









