Mathura News: बकरीद पर अलर्ट मोड में दिखा प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने शाही ईदगाह का किया निरीक्षण

Mathura Police Administration News: जिले में बकरीद का त्योहार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता के बीच शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. डीएम और एसएसपी ने निरीक्षण कर अफवाहों से बचने और भाईचारा बनाए रखने की अपील की, साथ ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं.

Mathura News

Newzo

• 02:12 PM • 28 May 2026

follow google news

Mathura Bakrid News:  बकरीद पर्व के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखाई दिया। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार द्वारा थाना गोविन्दनगर क्षेत्रान्तर्गत शाही ईदगाह मस्जिद एवं आसपास के क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया.

यह भी पढ़ें...

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ईदगाह परिसर, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस बल, मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए.

प्रशासन द्वारा पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी गई. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया तथा प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई.

पैदल भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं व्यापारियों से संवाद कर आपसी भाईचारे एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की.अधिकारियों ने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें.

अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। ईदगाह के आसपास नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मुस्तैद दिखाई दीं.

जनपद में प्रशासन की सक्रियता एवं सतर्कता के चलते बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाया.

एसएसपी श्लोक कुमार

बकरीद पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती की गई है. सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है. किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. आमजन से अपील है कि शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें.

 डीएम चंद्र प्रकाश सिंह 


जनपद में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की गई थीं. साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे. सभी नागरिकों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ, इसके लिए जनपदवासियों का धन्यवाद.