Sitapur Fraud Case: सीतापुर और लखीमपुर खीरी की दो युवतियों ने जीएनएम कोर्स में प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से की है. शिकायत के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ शांतिभंग की धारा 151 में कार्रवाई की है. हालांकि पीड़िताओं का कहना है कि इससे उनके रुपये वापस नहीं मिलेंगे. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
लखीमपुर खीरी के महेवागंज निवासी असमा रहबर और ईदगाह बलदेव नगर निवासी श्रद्धा वर्मा ने बुधवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के रोटीगोदाम निवासी सुरेंद्र पाल उर्फ अंशू पाल और उसके दो रिश्तेदारों ने जीएनएम पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने के नाम पर उनसे कुल 4.80 लाख रुपये ठग लिए.
पीड़िताओं के अनुसार, वे पहले से आरोपी को जानती थीं. दोनों जीएनएम कोर्स करना चाहती थीं. इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उन्हें लखनऊ के एक निजी कॉलेज में एडमिशन कराने का झांसा दिया. आरोप है कि सुरेंद्र ने असमा से 2.35 लाख रुपये और श्रद्धा से 2.45 लाख रुपये फीस के नाम पर वसूले.
युवतियों का कहना है कि आरोपी ने उन्हें कॉलेज का फर्जी परिचय पत्र भी उपलब्ध कराया और भरोसा दिलाया कि उन्हें परीक्षा भी नहीं देनी पड़ेगी. तय समय बीतने के बाद जब उन्होंने कॉलेज का प्रमाणपत्र मांगा तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा.
पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने अपनी मां और बहन के साथ मिलकर उन्हें धमकाया. उनका कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से कोतवाली के चक्कर लगा रही थीं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही थी.
शहर कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपी का शांतिभंग की आशंका में धारा 151 के तहत चालान किया गया है. वहीं, पीड़ित छात्राओं ने कहा कि वे मामले में उच्च अधिकारियों से भी शिकायत करेंगी.
ADVERTISEMENT









