Lucknow Crime News: लखनऊ में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर खौफनाक हमला... JE को बेलचे से पीटा, फिर पीछे छोड़ दिया पालतू कुत्ता

Electricity Theft Clash: लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली विभाग की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया. आरोप है कि जूनियर इंजीनियर को बेलचे से पीटा गया और टीम पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया. घायल कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Lucknow Power Raid Violence

अंकित मिश्रा

• 10:57 AM • 28 May 2026

follow google news

Electricity Theft Clash: लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया. आरोप है कि आरोपियों ने जूनियर इंजीनियर को बेलचे से घायल कर दिया और टीम पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया. घटना में कई कर्मचारी घायल हुए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

 बिजली चोरी की सूचना पर पहुंची थी टीम

जानकारी के मुताबिक, जानकीपुरम जोन के नहर रोड इलाके में बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर बिजली विभाग की टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी. टीम में जूनियर इंजीनियर (रेड) अशोक कुमार, जेई राधेश्याम यादव और संविदाकर्मी आयुष गौर, शिवम और मनीष शामिल थे. बताया जा रहा है कि टीम जैसे ही अजय दीक्षित नामक व्यक्ति के परिसर में पहुंची और बिजली मीटर की जांच शुरू की, तभी विवाद शुरू हो गया. शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया.

बेलचे से हमला, टीम पर छोड़ा पालतू कुत्ता

आरोप है कि दबंगों ने बिजली विभाग की टीम को घेरकर मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान एक आरोपी ने जूनियर इंजीनियर अशोक कुमार के सिर पर लोहे के बेलचे से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के बाद अशोक कुमार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपना पालतू कुत्ता भी विभागीय कर्मचारियों पर छोड़ दिया. कुत्ते के हमले से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. घटना के दौरान संविदाकर्मियों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटे जाने का आरोप है.

 मोबाइल छीने, इलाके में मचा हड़कंप

हमलावरों ने कथित तौर पर विभागीय कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए. दिनदहाड़े सरकारी कर्मचारियों पर हुए हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई.घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया. घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी देखी जा रही है.

पुलिस ने दर्ज किया केस, वीडियो खंगाल रही जांच टीम

मुख्य अभियंता बीपी सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि टीम बिजली चोरी की सूचना पर जांच के लिए गई थी. आरोपियों ने विभागीय कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया और कुत्ते से भी कटवाया. मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है. वहीं एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. घटनास्थल के वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

( यह खबर यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रहे आशुतोष पाण्डेय ने संपादित की है.)