IRCTC Kashmir Tour package lucknow: गर्मी की छुट्टियों में कश्मीर की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने की योजना बना रहे लोगों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी आईआरसीटीसी एक शानदार हवाई टूर पैकेज लेकर आया है. 'जन्नत-ए-कश्मीर' नाम से शुरू किए गए इस विशेष टूर पैकेज के तहत पर्यटक 20 जून से 25 जून 2026 तक कश्मीर की मनमोहक वादियों की सैर कर सकेंगे. छह दिन और पांच रातों के इस पैकेज में यात्रा, ठहरने, भोजन और घूमने की सुविधाएं शामिल की गई हैं.
ADVERTISEMENT
फ्लाइट से होगी यात्रा
IRCTC द्वारा यात्रियों के लिए लखनऊ से श्रीनगर तक आने-जाने की सुविधा हवाई यात्रा के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है. यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा होटलों और पारंपरिक हाउसबोट में की गई है, ताकि पर्यटक कश्मीर की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर अनुभव ले सकें. पैकेज में सुबह का नाश्ता और रात का भोजन भी शामिल रहेगा.
इन प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की कराई जाएगी सैर
इस टूर पैकेज के दौरान पर्यटक कश्मीर के कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे. इसमें श्रीनगर, सोनमर्ग, पहलगाम और गुलमर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल हैं. इसके अलावा पर्यटकों को डल झील, बेताब घाटी, अरु घाटी, चंदनवाड़ी, शंकराचार्य मंदिर, निशात बाग, शालीमार बाग, चश्मेशाही और हजरतबल दरगाह जैसे दर्शनीय स्थलों की सैर भी कराई जाएगी. वहीं गुलमर्ग में पर्यटक अतिरिक्त शुल्क देकर प्रसिद्ध गोंडोला केबल कार राइड का आनंद भी ले सकेंगे.
पैकेज का किराया
आईआरसीटीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यदि कोई व्यक्ति अकेले यात्रा करता है तो उसे 68,800 रुपये का भुगतान करना होगा. दो लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति किराया 52,300 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं तीन लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति शुल्क 49,950 रुपये रखा गया है. बच्चों के लिए भी अलग शुल्क निर्धारित किया गया है. माता-पिता के साथ बेड सुविधा लेने वाले बच्चे के लिए 41,100 रुपये और बिना बेड सुविधा के 36,800 रुपये का शुल्क देना होगा.
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी बुकिंग
आईआरसीटीसी उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस टूर पैकेज की बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी. इच्छुक यात्री गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन, लखनऊ में आईआरसीटीसी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट https://www.irctctourism.com के माध्यम से भी ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं.
यहां करें संपर्क
टूर पैकेज से जुड़ी अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए यात्री इन मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं — 8287930911, 9236391911 और 8287930902.
( यह खबर यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रहे आशुतोष पाण्डेय ने संपादित की है.)
ADVERTISEMENT









