Lake View Apartment Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश इलाके गोमती नगर में अगर आप भी आशियाना बनाने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है. लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गोमती नगर के विराज खण्ड में एक बेहद अत्याधुनिक और प्रीमियम लेक व्यू अपार्टमेंट परियोजना लाने का बड़ा फैसला किया है. इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत करीब 2300 वर्गफीट वाले 646 लग्जरी फ्लैट्स बनाए जाएंगे. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं, जिसके बाद से ही रियल एस्टेट बाजार में हलचल तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT
आज से शुरू रजिस्ट्रेशन, 18 जून तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज यानी 19 मई 2026 से शुरू होकर 18 जून 2026 तक चलेगी. आवेदन केवल एलडीए की ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से ही ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे. किसी भी तरह के ऑफलाइन या अन्य माध्यम से किए गए आवेदन को प्राधिकरण द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा. गोमती नगर में घर चाहने वालों के लिए यह एक महीने की बेहद अहम विंडो है.
19 मंजिला टावर में मिलेंगे प्रीमियम 3BHK फ्लैट, कीमत 1.13 करोड़ रुपए
एलडीए के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में 19 मंजिला तीन बेहद भव्य टावर खड़े किए जाएंगे, जिनकी ऊंचाई करीब 60 मीटर होगी. ये सभी फ्लैट्स प्रीमियम 3 BHK श्रेणी के होंगे, जिनका सुपर एरिया 2340 वर्गफीट तय किया गया है. जहां तक कीमत का सवाल है, तो प्राधिकरण ने एक फ्लैट की कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये निर्धारित की है. एलडीए का दावा है कि गोमती नगर जैसे प्राइम लोकेशन पर निजी बिल्डरों की तुलना में यह कीमत काफी कम और आम जनता के लिए बेहद किफायती है.
स्विमिंग पूल से जॉगिंग ट्रैक तक, मिलेंगी फाइव स्टार सुविधाएं
इस लेक व्यू अपार्टमेंट को किसी फाइव स्टार विला की तरह डिजाइन किया जा रहा है, जिसमें मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़ी तमाम वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी. परिसर के भीतर शानदार स्वीमिंग पूल, क्लब हाउस, खूबसूरत पार्क, बच्चों के लिए स्पेशल प्ले एरिया, 24 घंटे पावर बैकअप और 1000 से ज्यादा गाड़ियों के लिए बड़ी पार्किंग की व्यवस्था होगी. इसके अलावा, निवासियों की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परिसर के अंदर ही कॉमर्शियल दुकानें भी विकसित की जाएंगी. इतना ही नहीं, अपार्टमेंट के पास स्थित झील क्षेत्र में एक खास एंटरटेनमेंट जोन और जॉगिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा जो इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाएगा.
बेहतरीन कनेक्टिविटी के साथ 760 करोड़ का प्रोजेक्ट, 5 साल में मिलेगा कब्जा
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की लोकेशन इसकी सबसे बड़ी यूएसपी है, जहां से शहीद पथ, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, अवध बस स्टेशन, सिनेपॉलिस मॉल के साथ-साथ शहर के बड़े अस्पताल और नामी स्कूल बेहद नजदीक हैं. कनेक्टिविटी के मामले में यह जगह बेहतरीन है. वहीं एलडीए के अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी के अनुसार, करीब 760 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाले इस पूरे प्रोजेक्ट को तीन साल के भीतर पूरा करने का टारगेट रखा गया है, जबकि अधिकतम पांच साल के भीतर सभी आवंटियों को उनके सपनों के फ्लैट का कब्जा सौंप दिया जाएगा.
(यह खबर यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रहे आशुतोष पाण्डेय ने संपादित की है.)
ADVERTISEMENT









