सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे पर ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार इनोवा कार, कैंची धाम जा रहे चार लोगों की दर्दनाक मौत से हड़कंप

सैयद रेहान मुस्तफा

26 May 2026 (अपडेटेड: 26 May 2026, 11:27 AM)

Barabanki Road Accident: बाराबंकी में सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. बाबा नीम करौली के दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं से भरी इनोवा ट्रेलर से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौके पर मौत हो गई. जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

Barabanki News

Barabanki News

Google CTA

Barabanki Sadak Hadsa: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. उत्तराखंड के प्रसिद्ध बाबा नीम करौली के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा कार हाईवे पर आगे चल रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दर्दनाक घटना बाराबंकी के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भिखरा गांव के पास हुई है जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है.

यह भी पढ़ें...

रात के सन्नाटे में गूंजी चीख-पुकार

मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा देर रात लगभग 2.50 बजे के आसपास हुआ. इनोवा कार सुल्तानपुर से लखनऊ की तरफ जा रही थी तभी अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी. हादसा इतना भयानक था कि तेज आवाज के साथ कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और हाईवे के सन्नाटे में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया गया.

मृतकों और घायलों की हुई पहचान

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान राहुल कुमार (मुगलसराय), राहुल सिंह (गाजीपुर), सत्यम सिंह (रामपुर), सूरज यादव (गाजीपुर) के रूप में हुई है. इस हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनके नाम पंकज, प्रशांत और चंदन सिंह बताए जा रहे हैं.

लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर

सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया. हालांकि तीनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है.

हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल पांडे ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना रात करीब 3 बजे की है.पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है.