छोटे भाई को आखिरी बार देखने के लिए अतीक के दोनों बेटों को मिली पैरोल, सिर्फ इन लोगों से कर पाएंगे बात

आनंद राज

• 09:07 AM • 08 Aug 2026

अतीक अहमद के बेटे अली और उमर को छोटे भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल मिली है. कोर्ट ने दोनों की मुलाकात और मीडिया से बातचीत को लेकर शर्तें लगाई हैं.

atiq ahmed son aban ahmed death news

atiq ahmed son aban ahmed death news

Google CTA

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके भाइयों अली और उमर को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पैरोल दे दी है. अबान का शव फिलहाल हटवा गांव में उसकी बुआ प्रवीन कुरैशी के घर पर है, जहां शुक्रवार को लोगों ने मय्यत के आखिरी दीदार किए.

यह भी पढ़ें...

अबान को अब पैतृक कब्रिस्तान कसारी-मसारी में दफनाया जाएगा. इसी कब्रिस्तान में अतीक अहमद के पिता हाजी फिरोज अहमद, उसकी मां, खुद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद अहमद को दफनाया गया था. अब अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में खोदी गई है.

अली और उमर को मिली पैरोल

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने शुक्रवार को अतीक अहमद के जेल में बंद बेटों अली और उमर को पैरोल दी, ताकि वे अपने छोटे भाई अबान अहमद के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें. अली झांसी जेल में बंद था, जबकि उमर लखनऊ जेल में है.

अदालत ने निर्देश दिया है कि अंतिम संस्कार के बाद दोनों को पुलिस कस्टडी में उनकी संबंधित जेलों में वापस ले जाया जाए. कोर्ट ने यह भी कहा है कि दोनों भाई किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं करेंगे और न ही मीडिया, जिसमें सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया भी शामिल है, से बात करेंगे.

सिर्फ इन लोगों से कर सकेंगे बात

अली और उमर को सिर्फ अंतिम संस्कार कराने वाले व्यक्ति, अपनी बुआ और अपने भाई अहजम अहमद से बात करने की इजाजत दी गई है.

सड़क हादसे में हुई अबान की मौत

झांसी-कानपुर हाईवे पर झांसी जिले के पूंछ थानाक्षेत्र के ग्राम खिल्ली में सड़क हादसा हुआ था. हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हादसे के बाद सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया.अबान, अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था.

एनकाउंटर में मारा गया था असद

अतीक अहमद के एक और बेटे असद को अप्रैल 2023 में झांसी के पास पुलिस एनकाउंटर में मार दिया गया था. वह उमेश पाल की हत्या के मामले में वॉन्टेड था. उमेश पाल 2005 में BSP विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह था.

15 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज के एक अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस दोनों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर जा रही थी, तभी तीन हमलावरों ने उन पर गोली चला दी थी.