लखनऊ में प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीधे सिर में जा घुसी गोली

अंकित मिश्रा

27 May 2026 (अपडेटेड: 27 May 2026, 05:17 PM)

Luckow Crime News: लखनऊ के पीजीआई इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. सिर में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Lucknow Crime News

Lucknow Crime News

Google CTA

Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है. बुधवार सुबह पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियों में से एक गोली सीधे संदीप सिंह के सिर के पास लगी जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. संदीप सिंह को गंभीर हालत में एपेक्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. 

यह भी पढ़ें...

काम से निकलते ही घेरा और मार दी गोली

जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े संदीप सिंह बुधवार सुबह किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर निकले थे. वे पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में पहुंचे ही थे कि तभी एक बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने संदीप सिंह को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक करीब तीन राउंड फायरिंग की. हमलावरों का निशाना इतना सटीक था कि एक गोली संदीप के सिर के पास जाकर धंस गई. गोली लगते ही संदीप सिंह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर भारी मात्रा में खून बह गया.

जिस वक्त यह जानलेवा हमला हुआ, संदीप सिंह के साथ उनका ड्राइवर भी मौजूद था. वारदात को अंजाम देने के बाद जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते हमलावर बाइक से तेजी से फरार हो गए. ड्राइवर ने बिना वक्त गंवाए गंभीर रूप से घायल संदीप सिंह को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया. डॉक्टरों के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट और ज्यादा खून बह जाने के कारण संदीप सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई.

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी 

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पीजीआई थाने की पुलिस फोर्स और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद हमलावरों की धरपकड़ के लिए तफ्तीश तेज कर दी है. पुलिस आसपास के रास्तों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके. फिलहाल पुलिस प्रॉपर्टी विवाद, आपसी रंजिश समेत तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है.

दोषियों की जल्द होगी गिरफ्तारी 

इस पूरे मामले पर लखनऊ के पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि 'आज पीजीआई थाना क्षेत्र में एक सूचना प्राप्त हुई कि संदीप सिंह नामक व्यक्ति को अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारी गई है. उन्हें तुरंत पीजीआई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है. पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं, जिसमें बाइक पर जाते हुए दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं. इस पूरे प्रकरण में सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं.'