लखनऊ में पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बड़ी बहन दिव्या मिश्रा की हत्या का मामला लगातार खबरों के केंद्र में है. मालूम हो कि बीते गुरुवार को दिव्या के पति मानस ने उनकी हत्या बैंक के बाहर कर दी थी. इसके बाद मानस अपने घर गया. यहां उसने सबसे पहले अपनी बीमार बहन को मारा और फिर खुद की भी जिंदगी खत्म कर ली. पुलिस अब हत्या के पीछे की असल वजह, वारदात की टाइमलाइन और तीन हथियारों के सोर्स का पता लगाने में जुटी गई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस की जांच अभी शुरूआती दौर में है. पुलिस शादी के पीछे के विवाद, तलाक केस, एलिमनी की मांग और आरोपी की बहन को लेकर चल रहे मतभेदों समेत सभी ऐंगल्स पर इन्वेस्टिगेशन कर रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक 18 अगस्त को इस जोड़े की तलाक के मामले को लेकर फैमिली कोर्ट में सुनवाई थी. यह इस जांच का एक अहम हिस्सा है. एडिशनल डीसीपी (ईस्ट) अमोल मुकुट ने बताया कि इस केस में अभी कुछ भी कमेंट करना जल्दबाजी होगी. पुलिस इस घटना के हर पहलू और कारणों की जांच कर रही है.
पुलिस रिश्तेदारों और परिवार के जानकारों से भी कर रही पूछताछ
उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस रिश्तेदारों और परिवार के जानकारों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या मानस वाजपेयी ने इन हत्याओं की पूरी प्लानिंग पहले से की थी. इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि उसे हथियार उपलब्ध कराने में किसी ने मदद की थी या नहीं?
मानस ने दिव्या को गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक के बाहर फायरिंग कर मार डाला था. पुलिस अब बैंक के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है. बैंक के बाहर वारदात को अंजाम देने के बाद मानस हुसरिया स्थित अपने घर पहुंचा. यह घटनास्थल से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर था. घर पहुंचकर उसने अपनी बहन शीबा वाजपेयी (28) को गोली मारी. फिर खुद भी गोली मारकर जीवन खत्म कर लिया था.
इन पॉइंट्स पर भी हो रही जांच
पुलिस मानस द्वारा मौत से पहले लगाए गए व्हाट्सएप स्टेटस की भी जांच कर रही है. उस स्टेटस में उसने अपनी पत्नी, अपनी साली प्रज्ञा मिश्रा और उसके पति पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. पुलिस इस रिपोर्ट की भी जांच कर रही है कि क्या सुनवाई के दौरान एलिमनी को लेकर कोई विवाद हुआ था? क्या कोई बड़ी रकम मांगी गई थी? इसके अलावा पुलिस पति-पत्नी के बीच मानस की बहन को लेकर चल रहे पुराने विवाद की भी जांच कर रही है.
मानस की बहन का चल रहा था डिप्रेशन का इलाज?
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, मानस की बहन डिप्रेशन का इलाज करा रही थी. मृतका दिव्या की बहन प्रज्ञा ने आरोप लगाया है कि मानस उनकी बहन को काफी प्रताड़ित करता था. प्रज्ञा ने यह सवाल भी उठाया है कि मानस के पास हथियार कहां से आए? क्या इस घटना में कोई दूसरा व्यक्ति भी शामिल था?
इस केस में कोई तीसरा भी शामिल?
पुलिस ने अभी तक किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की पुष्टि नहीं की है. इन सभी आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है. बैंक के बाहर की सीसीटीवी फुटेज, बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के बयान, फोरेंसिक सबूत और आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड इस पूरी जांच के मुख्य आधार हैं.
ADVERTISEMENT











