Lucknow Sweet Shop Raid: रक्षाबंधन के त्योहार पर बाजारों में मिठाइयों की बिक्री बढ़ जाती है. ग्राहक उम्मीद लगाता है कि वो जो मिठाई ले रहा है, अच्छी क्वालिटी की और स्वच्छ होगी. इसी उम्मीद को बनाए रखने के लिए खाद्य विभाग की टीम ने लखनऊ में एक बड़ी कार्रवाई की है. काकोरी के हरदोईया लालनगर इलाके में 'शिवाछी स्वीट्स' नाम की दुकान पर छापेमारी की गई है.
ADVERTISEMENT
इस दौरान अधिकारियों को मिठाई बनाने वाली जगह पर गंदगी ही गंदगी दिखी. जिस जगह मिठाइयां बनाई जा रहीं थी, वहां खुली नाली का पानी वह रहा था, मिठाइयों के ऊपर मक्खियां भिनभिना रही थीं और पास में ही भैंसें भी बंधी हुई थी. खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिठाई के 15 सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं. इसके साथ ही दुकान में मिठाई बनाने वाली यूनिट के संचालन को भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है.
भैंसों के बीच बन रही थी मिठाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब दुकान के अंदर जांच करने पहुंची, तो वहां मिठाई बनाने की जगह पर भैंसें बंधी हुईं थी. अधिकारियों के मुताबिक, भैंसों के गोबर के छींटे सीधे मिठाइयों के ऊपर गिर रहे थे. इसके अलावा जिस चार दीवारी के अंदर मिठाइयां रखी हुईं थी, वहां दीवारों पर सीलन थी और पास ही में खुली नाली में गंदा पानी भी जमा था.
1000 लीटर दूषित घोल और मरी मक्खियां
खाद्द विभाग को जांच के दौरान गंदे प्लास्टिक के ड्रमों में करीब 1000 लीटर दूषित घोल मिला है. यह घोल मिल्क पाउडर, चीनी और पानी को घोलकर बनाया गया था. सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह थी कि अधिकारियों को इस घोल के अंदर मरी हुई मक्खियां भी पड़ी मिली.
1675 किलो बनकर तैयार मिठाई
छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 1675 किलो बनकर तैयार मिठाइयां मिली हैं. इनमें करीब 1000 किलो कलाकंद, 350 किलो वर्क लगी चिकनी बर्फी और 300 किलो डोडा बर्फी और पेड़ा शामिल था. ये सारी मिठाइयां गंदे और खुले माहौल में कीड़े-मकौड़ों के बीच रखी हुई थी. इसके साथ ही, टीम को सेफोलाइट, फिटकरी और एक संदिग्ध सफेद पाउडर भी मिला है, जिसका इस्तेमाल मिठाइयों को बनाने में किया जाने का शक है.
लाइसेंस खुदरा का, काम बड़े स्तर पर
जांच में यह भी सामने आया कि इस दुकान के पास केवल खुदरा बिक्री (रिटेल) का ही लाइसेंस था, लेकिन वहां बहुत बड़े स्तर पर मिठाइयों को भी बनाया जा रहा था. इतना ही नहीं वहां काम करने वाले करीब 25 कर्मचारियों का कोई मेडिकल टेस्ट नहीं हुआ था और वे ग्लव्स या हेड कैप जैसे किसी भी जरूरी खाद्य सुरक्षा नियम का पालन भी नहीं कर रहे थे.
2675 किलो माल होगा नष्ट, दुकान सील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस कार्रवाई के बाद 2675 किलो खराब माल को नष्ट करने का फैसला लिया है. साथ ही उस कमरे को भी सील कर दिया गया है, जहां मिठाइयां बन रही थीं. इसके अलावा लगभग 79 हजार रुपये की कीमत का 686 किलो कच्चा माल भी जब्त कर लिया गया है.
15 सैंपल लैब भेजे गए
खाद्द विभाग की टीम ने मिठाइयों और कच्चे माल के 15 अलग-अलग सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है. इसके साथ ही विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुकान की मिठाई बनाने वाली यूनिट को तुरंत बंद कर दिया है.
ADVERTISEMENT











