Lucknow Triple Murder Case: पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या का अंतिम संस्कार हो गया है. लखनऊ में गुरुवार को बहन की दिनदहाड़े हत्या हुई थी. आईसीआईसीआई बैंक के बाहर दिव्या मिश्रा को उसके पति ने ही गोली मारी थी. अब बहन प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक इमोशनल पोस्ट लिखी है. उन्होंने इस पोस्ट के जरिए अपनी बहन को श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने बताया है कि वह पोस्टमार्टम हाउस पर मीडिया से बात करने की हालत में नहीं थीं, क्योंकि वह इस दुख की घड़ी में अपनी मां के सामने एक बेटे की तरह मजबूत दिखना चाहती थीं.
ADVERTISEMENT
कैमरे के सामने छलक जाते आंसू
प्रज्ञा मिश्रा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि उनकी बहन दिव्या अब पंचतत्व में विलीन हो गई हैं. उन्होंने मीडिया के साथियों से बयान न दे पाने के लिए माफी मांगी है. प्रज्ञा ने कहा है कि वह कुछ भी बोल पाने की हालत में नहीं थीं और कैमरे के सामने रो देतीं. वह इस कठिन समय में अपनी मां का सहारा बनना चाहती थीं.
मुश्किल वक्त में मिला अपनों का साथ
प्रज्ञा ने रोहिणी सिंह, रवीश कुमार, अभिसार शर्मा और साक्षी जोशी जैसे वरिष्ठ पत्रकारों के साथ-साथ 'न्यूज तक' का भी शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने लिखा है कि बुरे समय में ही अपनों की असली पहचान होती है. अपनों का साथ खड़ा होना और उनका ढांढस बंधाना ही इस कठिन समय में सबसे बड़ी हिम्मत देता है.
दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई हत्या
यह खौफनाक वारदात लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार को हुई थी. आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करने वाली दिव्या मिश्रा को उनके ही पति मानस ने बैंक के ठीक बाहर गोली मारी थी.
पति ने बहन को भी गोली मारी
घटना वाले दिन आरोपी पति मानस एक टेम्पो से मौके पर पहुंचा था. उसने पहले अपनी पत्नी दिव्या से कुछ देर तक बातचीत की और इसी बातचीत के दौरान ही अचानक उसने पिस्तौल निकालकर दिव्या पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. इसके बाद मानस ने अपनी सगी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद की भी जान ले ली.
काफी समय से चल रहा था विवाद
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा आलमबाग के सिंगारनगर इलाके में रहती थीं. उनका अपने पति मानस के साथ काफी लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. दोनों के बीच का यह मामला फैमिली कोर्ट में भी चल रहा था. इसी विवाद के चलते मानस ने इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था.
यह भी पढें: यूपी में 10000 से ज्यादा नौकरियों का रास्ता खुला, जापानी कंपनियां करेंगी ₹3195 करोड़ का निवेश
ADVERTISEMENT











