मेरठ में बेबस भांजी की आखिरी पुकार... 'मामा, मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मार देंगे' और सच हो गया खुशी का वो डर

Meerut Daughter Murder Case: मेरठ के भावनपुर में कलयुगी पिता और सौतेली मां ने 17 वर्षीय बेटी खुशी की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया. मृतका की कॉल रिकॉर्डिंग से खुला राज, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार.

Meerut Daughter Murder Case

उस्मान चौधरी

• 09:32 AM • 28 May 2026

follow google news

Meerut Daughter Murder Case: मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में रहने वाली खुशी और उसका भाई राधे अपनी सौतेली मां और पिता के जुल्मों को खामोशी से सहते आ रहे थे. अक्सर उनके साथ मारपीट और उत्पीड़न किया जाता था. सोमवार की रात खुशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पिता कपिल ने अपनी करतूत को छिपाने के लिए आनन-फानन में मंगलवार को ही गढ़मुक्तेश्वर ले जाकर बेटी के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया.

यह भी पढ़ें...

मंगलवार दोपहर को मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा को किसी का फोन आया कि उनकी भांजी अब इस दुनिया में नहीं रही. जब तक मामा और मामी बदहवास हालत में हापुड़ से मेरठ पहुंचे, तब तक खुशी की चिता शांत हो चुकी थी और उसका अंतिम संस्कार किया जा चुका था.

कॉल रिकॉर्डिंग में कैद था मौत का वो खौफनाक सच

भांजी को खो चुके मामा भूपेंद्र ने जब हिम्मत जुटाई और पुलिस को तहरीर दी, तो साथ में कुछ ऐसी फोन रिकॉर्डिंग्स भी सौंपी, जिन्हें सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए. उस रिकॉर्डिंग में खुशी अपनी मौसी से रोते हुए कह रही थी, "मामा से कह दो वो मुझे आकर यहां से ले जाएं। ये लोग मुझे मार देंगे।" खुशी का यही डर आखिरकार सच साबित हुआ.

पुलिस पूछताछ में पिता ने कबूला अपना जुर्म

मामा की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता कपिल और सौतेली मां पिंकी को हिरासत में ले लिया. मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि 26 तारीख को हापुड़ के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी भांजी की हत्या की सूचना दी थी, जिसका अंतिम संस्कार भी गुपचुप तरीके से कर दिया गया था.

पुलिस की कड़ी पूछताछ के सामने कलयुगी पिता ज्यादा देर तक झूठ नहीं टिक सका और उसने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर बेटी की हत्या करने का जुर्म कुबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, पिता अपनी बेटी पर कई तरह के आरोप लगाता था. फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.