मेरठ में नर्स अंजली की बेरहमी से हत्या कर इमरजेंसी के बाहर छोड़ कर भाग गई साजिदा, फिर सामने आई धर्म परिवर्तन से जुड़ी ये बात

Meerut Nurse Murder: मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में नर्स अंजली शर्मा की हत्या से सनसनी फैल गई है. आरोप है कि एक महिला ने उन्हें ई-रिक्शा से इमरजेंसी के बाहर छोड़ दिया और फरार हो गई.

उस्मान चौधरी

22 May 2026 (अपडेटेड: 22 May 2026, 01:19 PM)

follow google news

Meerut Nurse Murder: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी खौफनाक खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. यहां के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक नर्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके बाद शव को मेडिकल इमरजेंसी के बाहर छोड़कर आरोपी महिला फरार हो गई. यही नहीं, शुरुआत में इस पूरी घटना को आत्महत्या का रूप  देने की भी कोशिश की गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है. पुलिस की शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और धर्म परिवर्तन जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं.

यह भी पढ़ें...

कैसे दिया गया इस हत्या को अंजाम?

यह पूरा मामला मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र के जागृत विहार सेक्टर-3 का बताया जा रहा है. यहां रहने वाली अंजलि शर्मा लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में नर्स के पद पर तैनात थीं. ऐसा बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह सुबह घर से अस्पताल के लिए निकली थीं लेकिन वहां पहुंची ही नहीं. इसके बाद दोपहर करीब एक बजे एक महिला उन्हें एक ई-रिक्शा में लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची और इमरजेंसी के बाहर बेसुध हालत में  छोड़कर वहां से भाग गई. अस्पताल के कर्मचारियों ने बेसुध अंजलि को देखते ही उन्हें पहचान लिया. डॉक्टर तुरंत उन्हें अंदर ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

अस्पताल में नर्स की मौत की खबर सामने आते ही सब सन्न रह गए. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इस पूरे मामले की जांच शुरू की गई. इसी बीच पुलिस ने जब अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें एक संदिग्ध महिला अंजलि को ई-रिक्शा से उतारती दिखाई दी. पुलिस ने तुरंत ही महिला के हुलिए के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में साजिदा नाम की एक महिला और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया. मृतका के परिजनों को भी इस बात की सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.

अंजलि पर बनाया गया था धर्म परिवर्तन का दबाव

शुरुआती मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरी वारदात के पीछे साजिदा का भाई सुफियान मुख्य आरोपी है. बताया जा रहा है कि सुफियान और अंजलि शर्मा एक-दूसरे के संपर्क में थे. आरोप है कि सुफियान ने अंजलि को अपने जाल में फंसा रखा था और वह लगातार अंजलि पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहा था. वहीं यह बात भी सामने आई है कि अंजलि इस जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के लिए तैयार नहीं थी. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से नाराज होकर सुफियान ने अंजली का गला घोटकर हत्या कर दी.

बता दें कि अंजलि की शादी साल 2018 में सनी नाम के युवक से हुई थी और दोनों का एक 4 साल का बेटा भी है. हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही अंजलि और उसके पति सनी के बीच विवाद रहने लगा था. अनबन बढ़ने के कारण अंजलि अपने मायके वापस आ गई थी और यहीं रहकर मेडिकल कॉलेज में नर्स की नौकरी कर रही थी. नौकरी के दौरान ही उसकी मुलाकात सुफियान से हुई थी.

पुलिस की जांच जारी

पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हालांकि, पुलिस ने इस मामले में साजिदा और उसकी मां को हिरासत में ले लिया है लेकिन मुख्य आरोपी सुफियान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं. फिलहाल इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी.

यह भी पढ़ें: त्योहार से पहले फिर सुर्खियों में आए एएसपी अनुज चौधरी, बकरीद को लेकर दे डाला ये बावली बयान...