SSC GD Exam Rescheduled: प्रयागराज के इस सेंटर पर बवाल के बीच SSC का कड़ा एक्शन, अब दोबारा होगा एग्जाम

SSC GD Exam Rescheduled: प्रयागराज में SSC GD परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था, सर्वर डाउन और छात्रों के हंगामे के बाद आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. विवादित सेंटर की 6 शिफ्टों की परीक्षा रद्द कर दी गई है. अब करीब 5000 अभ्यर्थियों की परीक्षा नए केंद्रों पर होगी.

SSC GD Exam Rescheduled

SSC GD Exam Rescheduled: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की जीडी भर्ती परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर क्षमता से दोगुने छात्रों को बुलाने और अगले दिन सर्वर डाउन होने के कारण भारी बवाल खड़ा हो गया. भीषण गर्मी में परेशान छात्रों का गुस्सा इस कदर फूटा कि परीक्षा केंद्र पर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएससी के सेंट्रल रीजन ने बड़ा फैसला लिया है. आयोग ने इस विवादित सेंटर की दो दिनों की सभी 6 पालियों (शिफ्टों) की परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है. अब इस केंद्र के करीब 5000 अभ्यर्थियों की परीक्षा नए परीक्षा केंद्रों पर दोबारा आयोजित की जाएगी.

यह भी पढ़ें...

पहले दिन दोगुने छात्र और दूसरे दिन सर्वर डाउन

प्रयागराज के झूंसी स्थित 'आईटेक जोन' परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था देखने को मिली. परीक्षा के पहले दिन जब अभ्यर्थी केंद्र पर पहुंचे तो मालूम चला कि वहां कंप्यूटर सिस्टम की संख्या से दोगुने छात्रों को अलॉट कर दिया गया था. बैठने की जगह न मिलने पर छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया. हद तो तब हो गई जब दूसरे दिन भी इसी सेंटर पर सर्वर पूरी तरह ठप हो गया. कंप्यूटर स्क्रीन्स पर सवाल डाउनलोड ही नहीं हो सके और छात्र आंसर नहीं लिख पाए. 45 डिग्री से अधिक के टॉर्चर करने वाले तापमान और चिलचिलाती धूप में सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे छात्रों का धैर्य जवाब दे गया. छात्रों ने गुस्से में आकर सेंटर के कंप्यूटर, एसी, पंखे और कूलर सब तहस-नहस कर दिए.

SSC सेंट्रल रीजन ने रिशेड्यूल की परीक्षा

दो दिनों तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और ग्राउंड रिपोर्ट के बाद एसएससी सेंट्रल रीजन के रीजनल हेड आशीष श्रीवास्तव ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करते हुए परीक्षा को रिशेड्यूल करने की घोषणा की. आयोग के अनुसार, 26 और 27 मई को इस खास सेंटर पर जिन 4,911 अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी थी उसे निरस्त कर दिया गया है. अब यह परीक्षा प्रयागराज के ही दूसरे सुरक्षित और नए केंद्रों पर 29, 30 और 31 मई 2026 को तीन-तीन पालियों में संपन्न कराई जाएगी. इसके लिए छात्रों को एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट से नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा.

6 में से सिर्फ 1 सेंटर प्रभावित

यूपी Tak के संवाददाता आनंद राज की ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, प्रयागराज में एसएससी जीडी की परीक्षा के लिए कुल छह सेंटर्स बनाए गए थे. बाकी के पांच केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है, सिर्फ झुंसी के इसी एक सेंटर पर भारी अव्यवस्था के कारण हंगामा और आगजनी हुई. संवाददाता ने बताया कि नए शेड्यूल के मुताबिक, 29 मई की पहली शिफ्ट में करीब 1,106 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. इसके बाद बचे हुए शेष अभ्यर्थियों को 30 और 31 मई की विभिन्न पालियों में विभाजित कर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी. आयोग ने यह भी किया है कि सुरक्षा और पारदर्शिता के मद्देनजर इस बार परीक्षा केंद्र पूरी तरह बदल दिया गया है.