Sitapur plywood factory News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में करीब 25 वर्षों से बंद पड़ी ऐतिहासिक प्लाईवुड फैक्ट्री को जिला प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है. फैक्ट्री की जमीन पर लंबे समय से अवैध प्लॉटिंग और निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कराई.
ADVERTISEMENT
जांच के दौरान जिलाधिकारी द्वारा डीएम कोर्ट से नोटिस जारी कर फैक्ट्री के वास्तविक मालिकों या उनके वारिसों को अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे. हालांकि, निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई भी वैध दावेदार सामने नहीं आया. इसके बाद जिलाधिकारी ने 16 पन्नों का आदेश जारी करते हुए राज्य सरकार को पत्र भेजकर जमीन को सरकारी कब्जे में लेने की संस्तुति की.
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्लाईवुड फैक्ट्री परिसर को अपने कब्जे में ले लिया. मौके पर सीओ सदर, एसडीएम सदर, नायब तहसीलदार सहित कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रशासन अब इस भूमि का उपयोग सरकारी परियोजनाओं के लिए करने की तैयारी में जुट गया है. सूत्रों के अनुसार, सीतापुर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए इस जमीन का चयन किया जा सकता है. प्रशासन लंबे समय से मेडिकल कॉलेज के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश कर रहा था और जल्द ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है.
ADVERTISEMENT









