दिल्ली से सटे गुरुग्राम में कैब में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के दावों की पोल खुल गई है. गुरुवार सुबह एक नामी लॉजिस्टिक कंपनी में कार्यरत महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ चलती कैब में ड्राइवर ने अश्लील हरकत की. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी ड्राइवर की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है. आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बनिहारी गांव का रहने वाला है.
ADVERTISEMENT
सुबह सवा 5 बजे शुरू हुआ खौफ का सफर
पूरी घटना गुरुवार सुबह की है. पीड़िता गुरुग्राम की ही रहने वाली है और पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है. हर दिन की तरह उसने सुबह करीब 5 बजे अपने दफ्तर जाने के लिए एक नामी ट्रैवलिंग ऐप के जरिए कैब बुक की. गाड़ी आने पर वह उसमें बैठ गई और सफर शुरू हुआ. लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद ड्राइवर विजय कुमार ने अपनी पैंट की जिप खोली और चलती गाड़ी में ही महिला पैसेंजर को अपने गुप्तांग दिखाकर अश्लील हरकतें करने लगा.
चिल्लाने पर भी नहीं रोकी कार, तो महिला ने ऐसे सिखाया सबक
ड्राइवर की इस घिनौनी हरकत को देखकर महिला अंदर से बुरी तरह सहम गई. उसने तुरंत चिल्लाते हुए ड्राइवर से गाड़ी रोकने को कहा, लेकिन आरोपी पर जैसे भूत सवार था और उसने महिला की चीख-पुकार को पूरी तरह अनसुना कर कार दौड़ाना जारी रखा. रास्ता बंद होने और ड्राइवर के न रुकने पर महिला ने गजब की हिम्मत दिखाई. उसने बिना डरे चुपके से अपना मोबाइल फोन निकाला और ड्राइवर की उस पूरी गंदी हरकत का लाइव वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
वीडियो बनते ही खुला राज, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
जैसे ही गाड़ी डेस्टिनेशन पर पहुंची, महिला तुरंत कैब से नीचे उतरी और बिना एक पल गंवाए सीधे पीसीआर (PCR) को फोन घुमा दिया. सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पीड़िता ने आपबीती बताते हुए अपने फोन में रिकॉर्ड वीडियो इंस्पेक्टर सुमन के साथ शेयर किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ट्रैवलिंग ऐप और कार के नंबर के आधार पर गाड़ी को ट्रैक करना शुरू किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिकायत मिलने के महज दो घंटे के भीतर भोंडसी इलाके की घेराबंदी करके आरोपी ड्राइवर विजय कुमार को धर दबोचा. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कैब को भी जब्त कर लिया है.
आरोपी ने कबूला गुनाह, जांबाज बेटी की हो रही तारीफ
पुलिसिया पूछताछ में प्रयागराज के रहने वाले आरोपी विजय कुमार ने अपना गुनाह पूरी तरह कबूल कर लिया है. पुलिस अब महिला द्वारा सौंपे गए वीडियो और अन्य तकनीकी सबूतों की फॉरेंसिक जांच करवा रही है और आरोपी को सख्त धाराओं में कोर्ट में पेश किया जाएगा. सोशल मीडिया पर लोग महिला इंजीनियर की इस बहादुरी और सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं, जिसने डरने के बजाय पुख्ता सबूत तैयार कर आरोपी को जेल भिजवाया.
ADVERTISEMENT









