आगरा में 45 फीट ऊपर हवा में जिप लाइन करते वक्त खुला कुनाल अग्रवाल का लॉक, मां-बाप के सामने नीचे गिरते ही तड़प-तड़प कर मर गया बेटा!

नितिन उपाध्याय

25 May 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 10:21 PM)

Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक खौफनाक मंजर देखने को मिला, जहाँ ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. फिरोजाबाद से परिवार के साथ घूमने आए एक चूड़ी व्यवसायी के 16 वर्षीय बेटे कुनाल अग्रवाल की जिप लाइन से नीचे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई.

agra zipline accident, agra chowpatty mishap, minor boy death, kunal agarwal agra, zipline safety failure, eod adventure park

Agra Zipline Accident News

Google CTA

Agra Zipline Accident News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक खौफनाक मंजर देखने को मिला, जहाँ ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. फिरोजाबाद से परिवार के साथ घूमने आए एक चूड़ी व्यवसायी के 16 वर्षीय बेटे कुनाल अग्रवाल की जिप लाइन से नीचे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई. जिस मासूम बच्चे को माता-पिता ने कुछ सेकंड पहले हंसते-मुस्कुराते हुए एडवेंचर गेम के लिए भेजा था, वह उनकी आंखों के सामने ही करीब 45 फीट की ऊंचाई से सीधे नीचे आ गिरा. इस भयानक हादसे से पूरी चौपाटी में चीख-पुकार मच गई और वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. सूचना मिलते ही आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने खुद घटनास्थल का जायजा किया और मामले के सख्त जांच के आदेश दिए हैं.

यह भी पढ़ें...

अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें

जानकारी के मुताबिक फिरोजाबाद निवासी पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने आगरा आए थे. ताज देखने के बाद बच्चों की जिद पर पूरा परिवार आगरा चौपाटी पहुंचा, जहाँ एडवेंचर गेम्स देखकर 16 साल के कुनाल ने भी ज़िप लाइन पर जाने की इच्छा जताई. माता-पिता ने भी बेटे की खुशी के लिए हामी भर दी लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी का सबसे काला दिन साबित होगा. कुनाल जैसे ही करीब 120 मीटर लंबी और 45 फीट ऊंची ज़िप लाइन पर आगे बढ़ा, अचानक पुली का लॉक खुल गया. लॉक खुलते ही कुनाल सीधे जमीन पर आ गिरा. बदहवास माता-पिता तुरंत बेटे की तरफ दौड़े और उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कुनाल ने दम तोड़ दिया. बेटे के शव से लिपटकर रोती मां और स्तब्ध खड़े पिता को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.

मैनेजर और संचालक हिरासत में

इस खौफनाक हादसे के बाद हरकत में आई पुलिस ने तुरंत ज़िप लाइन के संचालन पर रोक लगा दी है. पुलिस ने चौपाटी के मैनेजर और ज़िप लाइन संचालक को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है. मृतक बच्चे के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. एडीसीपी (ADCP) हिमांशु गौरव ने बताया कि शुरुआती जांच में सुरक्षा उपकरणों और वहां की व्यवस्थाओं को लेकर बेहद गंभीर लापरवाही सामने आ रही है. एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए जो जरूरी सुरक्षा मानक होने चाहिए, उनका पालन नहीं किया गया था. इस हादसे के बाद पूरे चौपाटी परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात है.

निजी संस्था सवालों के घेरे में

आगरा चौपाटी को पर्यटन और स्थानीय खानपान के साथ-साथ एडवेंचर को बढ़ावा देने के लिए विकसित किया गया था, लेकिन अब यह सिस्टम की लापरवाही का बड़ा केंद्र बनकर उभरी है. आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा संचालित इस चौपाटी में ज़िप लाइन का काम एक निजी संस्था 'ईओडी एडवेंचर पार्क' (विजन अमुज़मेंट पार्क प्राइवेट लिमिटेड) के पास है. हादसे के बाद विकास प्राधिकरण और कार्यदायी संस्था दोनों ही सीधे तौर पर सवालों के घेरे में आ गए हैं. अब स्थानीय लोग और पर्यटक यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इन एडवेंचर राइट्स की सुरक्षा की निगरानी किसकी जिम्मेदारी थी? क्या ज़िप लाइन का समय-समय पर सेफ्टी ऑडिट किया जाता था?