Agra Kinnar News: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक किन्नर की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के बाद प्यार, शादी के वादे, लिंग परिवर्तन और कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. बता दें सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली शिकायतकर्ता ने त्रिवेंद्र नाम के एक युवक पर करीब दो साल तक लव अफेयर में रहने, शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है. शिकायतकर्ता किन्नर का दावा है कि आरोपी ने शादी के लिए लिंग परिवर्तन कराने की शर्त रखी, जिसके बाद उसने ऑपरेशन कराकर पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर बन गई. इसके बावजूद आरोपी ने बाद में शादी से कथित तौर पर इनकार कर दिया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्रिवेंद्र सिंह, उसके पिता अंतर सिंह और पत्नी किरण को नामजद किया है.
ADVERTISEMENT
दो साल पहले हुई थी मुलाकात
एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता की मुलाकात करीब दो साल पहले त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी. आरोप है कि इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और त्रिवेंद्र ने शिकायतकर्ता को अपनी पत्नी के रूप में रखने तथा उससे शादी करने का भरोसा दिया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर आरोपी उसे शहर के अलग-अलग होटलों में ले जाता था और वहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था. बाद में जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी कथित तौर पर अपने वादे से पीछे हटने लगा. शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे रिश्ते को लेकर लगातार भरोसा दिया जाता रहा.
लिंग परिवर्तन को बनाया शादी की शर्त
मामले में सबसे अहम आरोप लिंग परिवर्तन से जुड़ा है. शिकायतकर्ता का कहना है कि 8 अगस्त 2025 को त्रिवेंद्र उसे एक होटल में लेकर गया था. वहां आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि जब तक वह पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर नहीं बनेगी, तब तक वह उससे शादी नहीं करेगा. शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए उसने ऑपरेशन कराया और अपना लिंग परिवर्तन करवाया. उसका दावा है कि इस प्रक्रिया में उसे शारीरिक परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा. आरोप है कि इसके बाद भी जब शादी की बात आई तो त्रिवेंद्र ने कथित तौर पर अपना वादा पूरा नहीं किया.
पहले से शादीशुदा था त्रिवेंद्र?
शिकायतकर्ता ने एफआईआर में यह भी आरोप लगाया है कि उसे बाद में जानकारी हुई कि त्रिवेंद्र सिंह पहले से शादीशुदा है. उसके मुताबिक आरोपी ने अपने शादीशुदा होने की बात उससे छिपाई और उसे भरोसे में रखकर संबंध बनाए. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उसे पत्नी बनाकर साथ रखने और शादी करने की बात कही जाती रही. जब उसे आरोपी की शादी के बारे में पता चला तो मामले को लेकर विवाद बढ़ गया. शिकायत में इस पूरे घटनाक्रम को कथित धोखे और वादाखिलाफी से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की गई है.
चार लाख रुपये और बुलेट बाइक लेने का आरोप
शिकायत में आर्थिक लेनदेन को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता का दावा है कि त्रिवेंद्र ने कारोबार और दूसरी जरूरतों का हवाला देकर उससे करीब चार लाख रुपये नकद लिए. इसके अलावा एक बुलेट बाइक लेने का भी आरोप है. शिकायतकर्ता के मुताबिक कारोबार बढ़ाने के नाम पर भी उससे लगातार पैसे लिए जाते रहे. बाद में जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी की ओर से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आर्थिक शोषण और धमकी से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है.
जांच में सामने आएगी सच्चाई
सिकंदरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर 2 सितंबर 2026 को मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने मामले में BNS की धारा 316(2), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है. मुकदमे में त्रिवेंद्र सिंह, उसके पिता अंतर सिंह और पत्नी किरण को नामजद किया गया है. फिलहाल पुलिस एफआईआर दर्ज करने के बाद पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.
ADVERTISEMENT











