मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के बढ़े हुए मानदेय का शासनादेश भी जारी हो गया है. नई व्यवस्था के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अब कुल 12 हजार रुपये प्रतिमाह, जबकि सहायिकाओं को 6 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे.
ADVERTISEMENT
सरकार ने बढ़ा हुआ मानदेय सितंबर 2026 से लागू किया है, लेकिन इसका भुगतान अक्टूबर में किया जाएगा. अक्टूबर में मिलने वाली राशि में सितंबर का बढ़ा हुआ मानदेय शामिल होगा. ऐसे में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को अगले महीने से इसका फायदा मिलने लगेगा.
4 हजार रुपये की बढ़ोतरी
अब तक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार के मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि और राज्य सरकार के अतिरिक्त मानदेय को मिलाकर कुल 8 हजार रुपये महीने मिलते थे. अब 4 हजार रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी के बाद रकम 12 हजार रुपये प्रतिमाह हो जाएगी. हर महीने सीधे 4 हजार रुपये का फायदा होगा.
आंगनवाड़ी सहायिकाओं की भी बढ़ी सैलरी
इसी तरह आंगनवाड़ी सहायिकाओं को अभी कुल 4 हजार रुपये प्रतिमाह मिलते हैं. राज्यांश में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी के बाद उनका कुल मानदेय 6 हजार रुपये महीने हो जाएगा. सहायिकाओं के लिए भी हर महीने 2 हजार रुपये की अतिरिक्त रकम जुड़ेगी.
सरकार ने मानदेय बढ़ाने की वजह भी बताई
सरकार ने मानदेय बढ़ाने के पीछे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की बढ़ती जिम्मेदारियों को वजह बताया है. आंगनवाड़ी केंद्रों पर अब बच्चों की देखभाल के साथ पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE), पोषण सेवाओं, डिजिटल माध्यमों और अलग-अलग सरकारी योजनाओं के काम में भी इनकी भूमिका बढ़ी है. सरकार का कहना है कि जिम्मेदारियां बढ़ने के साथ मानदेय में बदलाव जरूरी है.
शासनादेश के बाद अब आगे की कार्रवाई की जिम्मेदारी विभाग की होगी. अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार हर्षिता माथुर को शासनादेश के अनुसार जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. सितंबर से बढ़ा हुआ मानदेय लागू और अक्टूबर में भुगतान हो जाएगा.
ADVERTISEMENT











