UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में आज 11 सितंबर से एक सप्ताह के लिए मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है. राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम बिल्कुल अलग-अलग रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 17 सितंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भारी बारिश से राहत मिलेगी. तो वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर अभी भी जारी रहेगा. इसके साथ ही पूरे राज्य में दिन और रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे प्रदेश में गर्मी और उमस का एहसास हो सकता है.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी यूपी में कम होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 सितंबर से 17 सितंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है. प्रदेश के इस हिस्से में बारिश की कमी देखने को मिल सकती है. हालांकि बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है.
पूर्वी यूपी में भारी बारिश
पूर्वी यूपी में 11 से 17 सितंबर तक बारिश से पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. किसानों और आम लोगों के लिए राहत की बात यह है कि इस दौरान पूरे राज्य में कहीं भी 'बहुत भारी बारिश' का कोई अलर्ट नहीं है.
कैसा रहेगा दिन का तापमान?
इस हफ्ते उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का औसत अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की उम्मीद है.
- तराई वाले इलाकों में दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
- पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों और दक्षिणी-पश्चिमी इलाकों में गर्मी थोड़ी ज्यादा रहेगी, जहां पारा 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
- राज्य के बाकी हिस्सों में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा.
रात के तापमान में हल्की बढ़त
दिन के साथ-साथ रात के मौसम में भी हल्का बदलाव देखने को मिलेगा.
- राज्य के ज्यादातर हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा ज्यादा रहने की संभावना है.
- तराई क्षेत्र के पश्चिमी भागों में रात का तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
- प्रदेश के अन्य सभी हिस्सों में यह 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: UP Weather: यूपी के इन 25 जिलों में कल गरज-चमक के साथ होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी
ADVERTISEMENT











