नेशनल हाईवे पर सफर करते समय अगर आपकी गाड़ी का फ्यूल अचानक खत्म हो जाए तो क्या टोल प्लाजा आपको मुफ्त में पेट्रोल या डीजल उपलब्ध कराएगा? सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे दावे वायरल होते रहते हैं कि हाईवे पर फंसे यात्रियों को टोल टैक्स के बदले कुछ खास मुफ्त सेवाएं मिलती हैं. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अब इस तरह के दावों पर चुप्पी तोड़ी है.
ADVERTISEMENT
फ्री ईंधन मिलने के दावे का सच
NHAI ने अपने जागरुकता अभियान 'Know Your National Highways' के तहत एक पोस्ट साझा कर साफ किया है कि टोल प्लाजा पर यात्रियों को मुफ्त पेट्रोल या डीजल देने का कोई नियम नहीं है. यह पूरी तरह से एक भ्रांति यानी मिथक है. हालांकि, अगर आपकी गाड़ी बीच रास्ते में बंद हो जाती है तो इसका मतलब बिल्कुल नहीं है कि आप हाईवे पर असहाय छोड़ दिए जाएंगे.
आपात स्थिति में कैसे मिलेगी मदद?
अगर आप हाईवे पर किसी मुश्किल में फंसते हैं तो एनएचएआई की इमरजेंसी टीम आपकी मदद के लिए आगे जरूर आएगी. नेशनल हाईवे पेट्रोल और आपातकालीन टीम आपके लिए पेट्रोल या डीजल की व्यवस्था करा सकती है.
टीम आपके लिए ईंधन की व्यवस्था तो करेगी, लेकिन जो भी पेट्रोल या डीजल आपको दिया जाएगा, उसकी पूरी कीमत का भुगतान खुद यात्री को ही एजेंसी या संबंधित व्यक्ति को करना होगा. गाड़ी खराब होने पर उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए टोइंग गाड़ी की मदद भी दी जाती है.
मुश्किल में डायल करें ये 24x7 हेल्पलाइन नंबर
सफर के दौरान किसी भी तरह की मदद या इमरजेंसी के लिए NHAI ने 24x7 नेशनल हाईवे हेल्पलाइन नंबर 1033 जारी किया है. टोल वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर कोई भी समस्या होने पर यात्री इस नंबर पर सीधे संपर्क कर मदद मांग सकते हैं.
सोशल मीडिया के दौर में अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सही जानकारी होना ही आपके सफर को सुरक्षित और आसान बना सकता है. अगली बार हाईवे पर निकलने से पहले हेल्पलाइन नंबर 1033 अपने फोन में जरूर सेव कर लें!
ADVERTISEMENT











