UP Weather: त्योहारी सीजन की हलचल के बीच उत्तर प्रदेश के मौसम में अब धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलने लगा है. सुबह-शाम की हल्की सिहरन के बीच भारतीय मौसम विभाग ने 14 अक्टूबर के मौसम का लेटेस्ट अपडेट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोन के असर से राज्य के पश्चिमी हिस्सों में बादलों की लुकाछिपी और हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं. जबकि पूर्वांचल यानी पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. पारे में आंशिक गिरावट के साथ ही ठंडक ने धीरे-धीरे अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं.आइए जानते हैं 14 अक्टूबर को प्रदेशभर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहां हो सकती है बारिश?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 14 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभाग में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा या बौछारें पड़ने की संभावना है. हालांकि यह बारिश व्यापक स्तर पर नहीं होगी बल्कि यह गतिविधियां छिटपुट यानी कुछ ही इलाकों तक सीमित रहेंगी. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में 14 अक्टूबर को बारिश की कोई संभावना नहीं है. यहां का पूरा संभाग पूरी तरह शुष्क रहने के आसार हैं और दिन में हल्की धूप खिली रहेगी.
तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस हरदोई जिले में दर्ज किया गया जिससे रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है. वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर और आगरा में रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
किसी बड़ी चेतावनी से राहत
राहत की बात यह है कि 14 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने पश्चिमी या पूर्वी उत्तर प्रदेश किसी भी हिस्से के लिए कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है. यानी आंधी-तूफान, वज्रपात या भारी बारिश का फिलहाल कोई खतरा नहीं है जिससे आम जनजीवन सामान्य बना रहेगा.
ये भी पढ़ें: शिवा शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए खौफनाक खुलासे, बालू अड्डे के ग्रीन अपार्टमेंट में आखिर हुआ क्या था?
ADVERTISEMENT











