UP Weather: क्या आपके इलाके में भी धूप और उमस से हाल बेहाल है? तो राहत की सांस लीजिए, क्योंकि उत्तर प्रदेश के मौसम का पहिया एक बार फिर घूमने जा रहा है. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है जिससे आने वाले घंटों में मौसम सुहाना होने के साथ-साथ कुछ इलाकों में तीखे तेवर भी देखने को मिल सकते हैं.
ADVERTISEMENT
15 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम की स्थिति अलग-अलग रहने वाली है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी संभागों और जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने के आसार हैं जहां बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
किन जिलों में है बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट?
मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में विशेष चेतावनी जारी की है. इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. इन हवाओं की गति 30 से 40 किमी/घंटा और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं जिले में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले में जाने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है. वहीं दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में 15 अक्टूबर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
तापमान का रुख
बात करें तापमान की तो अगले 2 दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि, इसके बाद के दिनों में तापमान में हल्की गिरावट या उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: महोबा की सदर सीट बसपा से छीनकर क्या 2027 में भी जीत पाएगी बीजेपी?
ADVERTISEMENT











