Sitapur fake death certificate case: सीतापुर के सिधौली क्षेत्र के ग्राम शिबरा में जीवित महिला को कागजों में मृत दिखाने का आरोप लगा है. पीड़िता ने डीएम को शिकायत देकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और नाम हटाने की जांच की मांग की है.
ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के तहसील सिधौली क्षेत्र के विकास खंड पहला के ग्राम शिबरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जीवित महिला को कागजों में मृत दिखाने का आरोप लगाया गया है.
पीड़िता बड़को, पत्नी स्वर्गीय भिखारीलाल, ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है कि वह पूरी तरह जीवित हैं और गांव में रह रही हैं. उनके पास आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र जैसे वैध दस्तावेज भी मौजूद हैं. इतना ही नहीं, वह लोकसभा, विधानसभा और पंचायत चुनावों में मतदान भी करती रही हैं.
पीड़िता का आरोप है कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव की मिलीभगत से उन्हें रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया. उनका कहना है कि उनके स्वर्गीय पति की लगभग 8 बीघा कृषि भूमि और मकान पर कब्जा करने की नीयत से यह फर्जीवाड़ा किया गया, जिसमें परिवार रजिस्टर से उनका नाम हटा दिया गया.
महिला का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव से इस संबंध में जानकारी मांगी, तो उनसे “जीवित होने का प्रमाण” प्रस्तुत करने को कहा गया.पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो और उनका नाम दोबारा परिवार रजिस्टर में दर्ज किया जाए.प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की मांग उठने के बाद गांव में इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT









