'जिनके राज में तारों पर सूखते थे कपड़े, वो आज...', यूपी में बिजली संकट के बीच CM योगी ने सपा पर जमकर हमला बोला

यूपी तक

26 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

UP Power Crisis: उत्तर प्रदेश में मौजूदा समय में हो रही बिजली कटौती और ऊर्जा संकट को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी हमला बोला है.

up electricity crisis, yogi adityanath strict, uppcl power supply, unscheduled power cuts, rural electricity schedule

सीएम योगी आदित्यनाथ

Google CTA

CM Yogi On UP Power Crisis: उत्तर प्रदेश में मौजूदा समय में हो रही बिजली कटौती और ऊर्जा संकट को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी हमला बोला है. सीएम योगी ने कहा कि जो लोग आज बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर रहे हैं, यह वही लोग हैं जिनके शासनकाल में पूरे प्रदेश की बिजली व्यवस्था बदहाल थी. उन्होंने याद दिलाया कि सपा के राज में हफ्तों के हिसाब से बिजली आती थी और हालात इस कदर खराब थे कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाया करते थे. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि वर्तमान में कुछ पावर स्टेशनों में तकनीकी दिक्कतों के कारण शटडाउन लिया गया है, जिसकी वजह से आपूर्ति पर थोड़ा असर पड़ा है, लेकिन सरकार स्थिति को सुधारने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री ने जनता से मांगा सहयोग

बिजली कटौती की जमीनी हकीकत पर बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ बिजलीघरों में तकनीकी कारणों से शटडाउन की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने समझाया कि जब भी किसी पावर स्टेशन में काम चलता है, तो सप्लाई प्रभावित होना स्वाभाविक है. सरकार इस पूरी समस्या को बेहद गंभीरता से ले रही है और संबंधित विभागों को उत्पादन व वितरण व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं. सीएम योगी ने जनता से अपील की है कि वे इस तकनीकी सुधार के काम में थोड़ा सहयोग करें और पावर कॉरपोरेशन को जरूरी समय दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह खुद इस पूरे मामले की लगातार निगरानी और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर रहे हैं, ताकि हर जिले में पहले की तरह निर्बाध बिजली दी जा सके.

सीएम योगी ने गिनाए बिजली क्षेत्र के सुधार

विपक्ष की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के इस दौर में राजनीति और आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय समाधान पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने सपा को आईना दिखाते हुए कहा कि उनके समय में बिजली वितरण में भारी भेदभाव किया जाता था और गांवों की स्थिति बदतर थी, जबकि आज हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र तक बिजली पहुंचा रही है. पिछले कुछ सालों में ऊर्जा क्षेत्र में हुए बड़े सुधारों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में बिजली उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के लिए कई नई परियोजनाओं पर काम चल रहा है. उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि यह संकट बेहद अस्थायी है और बहुत जल्द पूरे राज्य में बिजली की स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.