जंतर-मंतर पहुंचे चंद्रशेखर आजाद की दिल्ली पुलिस से हुई तगड़ी बहस, फिर नगीना सांसद ने दिया ये बयान

यूपी तक

20 Jul 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 02:59 PM)

दिल्ली में CJP के आंदोलन के दौरान नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद जंतर-मंतर पहुंचे. काफिले की गाड़ियों को लेकर पुलिस से नोकझोंक हुई. बाद में उन्होंने कहा कि सरकार, पुलिस और वह सभी अपना-अपना धर्म निभा रहे हैं.

Chandrashekhar Azad at Jantar Mantar

Chandrashekhar Azad at Jantar Mantar

Google CTA

दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले आंदोलन के बीच नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी जंतर-मंतर पहुंचे. इस दौरान पुलिस और चंद्रशेखर आजाद के बीच उनके काफिले की गाड़ियों को आगे जाने देने को लेकर नोकझोंक हो गई. बाद में मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार अपना धर्म निभा रही है, पुलिस अपना धर्म निभा रही है और वह युवाओं के साथ खड़े होकर अपना फर्ज निभाने आए हैं.

यह भी पढ़ें...

काफिले की गाड़ियों को लेकर पुलिस से हुई बहस

आंदोलन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को नियंत्रित कर रही थी. इसी दौरान चंद्रशेखर आजाद अपने काफिले के साथ जंतर-मंतर पहुंचे. बताया गया कि चंद्रशेखर आजाद चाहते थे कि उनके काफिले की अन्य गाड़ियों को भी आगे जाने दिया जाए, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इसकी अनुमति नहीं दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बहस होती रही. इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

आंदोलन में शामिल होकर युवाओं के समर्थन में बोले चंद्रशेखर

पुलिस से बातचीत के बाद समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह इस आंदोलन में युवाओं के समर्थन में शामिल होने आए हैं. उन्होंने कहा, "सरकार अपना धर्म निभा रही है. पुलिस अपना धर्म निभा रही है. मैं इस मिट्टी का कर्ज उतारने के लिए आज संघर्ष कर रहा हूं. मैं भारतीय हूं और भारतीय युवा होने के नाते युवाओं का दर्द समझता हूं."

उन्होंने कहा कि वह युवाओं की आवाज बनने के लिए उनके साथ खड़े हैं क्योंकि उनके साथ अन्याय हो रहा है. उन्होंने कहा, "अन्याय करने से ज्यादा अन्याय सहना दोषी होता है. मैं दोषी नहीं हूं. मैं एक भारतीय युवा हूं, जिसे पता है कि युवाओं के लिए खड़ा होना है."

संसद में भी मुद्दा उठाने की कही बात

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि संसद का मानसून सत्र भी शुरू होने वाला है और इस मुद्दे को संसद के अंदर भी उठाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पहले इस आंदोलन को देखा जाएगा कि इसे कैसे आगे बढ़ाया जा रहा है, उसके बाद आगे की रणनीति पर भी बात होगी. फिलहाल दिल्ली में आंदोलन को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है और पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी हुई है.

यहां देखें वीडियो 

ये भी पढ़ें: मार्च के दौरान संसद के पास पहुंची भीड़, हालात काबू करने के लिए पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले