जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान डिंपल यादव समेत कई सपा नेता हिरासत में लिए गए, प्रदर्शनकारियों के समर्थन में निकाल रहे थे मार्च

आशुतोष चौबे

20 Jul 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 02:08 PM)

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद डिंपल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. वह अन्य विपक्षी नेताओं के साथ संसद से जंतर-मंतर तक मार्च कर रही थीं. CJP कार्यकर्ता धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया.

Dimple Yadav Detained Delhi

Dimple Yadav Detained Delhi (Photo Enhanced By AI)

Google CTA

Dimple Yadav Detained Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद डिंपल यादव को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. जानकारी के मुताबिक, डिंपल यादव अन्य विपक्षी सांसदों और नेताओं के साथ संसद से जंतर-मंतर तक प्रदर्शनकारियों के समर्थन में मार्च कर रही थीं. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें और सपा के कई अन्य सांसदों को रोकते हुए हिरासत में लिया. जंतर-मंतर पर CJP के कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों की योजना संसद तक मार्च निकालने की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी.

यह भी पढ़ें...

छात्रों के समर्थन में उतरी सपा

पेपर लीक से जुड़े मामले को लेकर CJP की ओर से चल रहे प्रदर्शन को कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है. इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने भी समर्थन में संसद से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला. हालांकि, पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया. इसके बाद सपा का दावा है कि डिंपल यादव समेत पार्टी के कई सांसदों को हिरासत में ले लिया गया. इस घटनाक्रम के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई.
 

सपा ने पुलिस कार्रवाई को बताया अलोकतांत्रिक

हिरासत की घटना के बाद समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की. पार्टी ने पोस्ट में कहा, 'दिल्ली में छात्रों की आवाज़ उठा रहीं लोकसभा सांसद श्रीमती डिम्पल यादव जी एवं अन्य सपा सांसदों को पुलिस द्वारा डिटेन किया जाना, साथ ही छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद निंदनीय एवं अलोकतांत्रिक है.'