NEET Protest: दिल्ली में चल रहे संसद के मानसून सत्र के दौरान नीट परीक्षा में धांधली और पेपर लीक का मुद्दा अखिलेश यादव ने मीडिया के सामने उठाया. समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है.
ADVERTISEMENT
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर रिएक्शन देते हुए सरकार को पूरी तरह निरंकुश और अहंकारी करार दिया. उन्होंने साफ कहा कि भाजपा युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है और अपने घोटालों को छिपाने के लिए छात्रों पर अन्याय कर रही है.
"सरकार में इतना अहंकार कि बच्चों के लिए श्रद्धांजलि तक नहीं"
जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई बदसलूकी और लाठीचार्ज पर गहरा दुख जताते हुए सपा प्रमुख ने कहा,
"जिन बच्चों की जान गई उनके प्रति सरकार का एक शब्द नहीं निकला, श्रद्धांजलि तक नहीं दी. इससे बड़ा अहंकार क्या हो सकता है? बच्चे अपनी बात कहने संसद तक आना चाहते हैं तो उन पर लाठियां चलाई जा रही हैं और प्रताड़ना दी जा रही है."
उन्होंने अतीत का हवाला देते हुए याद दिलाया कि जब यूपी में भाजपा की सरकार थी, तब मेडिकल कोर्स का पूरा एक साल ही 'जीरो' हो गया था. भाजपा के लोग आज से नहीं, बल्कि हमेशा से घोटाले करते आ रहे हैं.
"पेपर लीक करने वाले सब भाजपाई"
सपा प्रमुख ने आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जब उनकी पार्टी ने ऑडिट कराकर एक किताब जारी की, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई. यूपी में 20 से भी अधिक सरकारी नौकरियों के पेपर लीक हुए. आज तक एक भी मुख्य दोषी पकड़ा नहीं गया. दोषी इसलिए नहीं पकड़े जाते क्योंकि पेपर लीक कराने वाले लोग सीधे तौर पर भाजपाई हैं.
आरक्षण खत्म करने के लिए दी जा रही हैं आउटसोर्स नौकरियां!
अखिलेश यादव ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा जानबूझकर युवाओं को पक्की सरकारी नौकरियां नहीं दे रही है.
"सरकारी नौकरी देनी पड़ेगी तो नियमों के मुताबिक आरक्षण देना पड़ेगा. इसीलिए ये सरकार भ्रष्टाचार करने के लिए आउटसोर्सिंग का सहारा ले रही है. जब नौकरी सरकारी होगी तो बजट से सही पैसा जाएगा और भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हो जाएगी."
उन्होंने सपा के युवा सांसदों को संदेश देते हुए कहा कि वे तुरंत जंतर-मंतर जाएं, लाठी खाए हुए पीड़ित छात्रों से मिलें और उन्हें भरोसा दिलाएं कि समाजवादी पार्टी इस लड़ाई में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है.
ADVERTISEMENT











