Akhilesh Yadav and Police Officer Sansar Singh Video Viral: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और एक पुलिस अधिकारी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है. इस वायरल वीडियो में अखिलेश यादव एक पुलिस अफसर को अपने पास बुलाते हैं और बेहद तंजिया लहजे में पूछते हैं, 'एडिशनल साहब, मैंने आपकी बात मानी कि नहीं मानी?' इस पर वह अधिकारी भी 'हां' कहते नजर आते हैं. इसके तुरंत बाद अखिलेश यादव वहां मौजूद मीडियाकर्मियों की तरफ मुड़ते हैं और चुटकी लेते हुए कहते हैं, 'इनका परिचय आप लोग नहीं जानते होंगे... इनका परिचय या तो हम जानते हैं या ये जानते हैं. बताओ, हम जानते हैं... पुराना वाला भी हम जानते हैं और पुरानी वाली पोस्टिंग भी जानते हैं.' इस वीडियो के सामने आने के बाद हर कोई जानना चाहता है कि आखिर इस पूरी बातचीत और 'पुरानी पोस्टिंग' के पीछे की असली कहानी क्या है.
ADVERTISEMENT
जब पुलिस ने रोका था काफिला
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो साल 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदान वाले दिन का है. उस समय अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से खुद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे थे. मतदान के दिन सपा कार्यकर्ताओं ने कई पोलिंग बूथों पर धांधली और गड़बड़ी की शिकायत की, जिसके बाद अखिलेश यादव खुद जमीनी हकीकत जानने कन्नौज के छिबरामऊ इलाके के कई बूथों पर पहुंच गए. हालांकि, मौके पर मुस्तैद प्रशासनिक अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने का हवाला देकर उन्हें वहां से जाने का आग्रह किया. इसके बाद जब अखिलेश यादव लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से होते हुए वापस कन्नौज शहर की तरफ आ रहे थे, तभी तालग्राम इलाके में फॉरेंसिक लैब के पास पुलिस बल ने उनके काफिले को रोक लिया. पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज अखिलेश यादव वहीं फॉरेंसिक लैब परिसर में ही धरने पर बैठ गए और मीडिया से बात करने लगे. यह वायरल वीडियो ठीक उसी समय का है.
कौन हैं वीडियो में दिखने वाले पुलिस अधिकारी?
वीडियो में जिस एडिशनल एसपी के साथ अखिलेश यादव की यह दिलचस्प बातचीत रिकॉर्ड हुई है, उनका नाम डॉक्टर संसार सिंह है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रहने वाले हैं. साल 2024 के आम चुनाव के दौरान डॉक्टर संसार सिंह कन्नौज जिले में एडिशनल एसपी (एएसपी) के पद पर तैनात थे और कानून-व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर मौजूद थे. कन्नौज में पोस्टिंग से पहले डॉक्टर संसार सिंह का एक लंबा कार्यकाल रामपुर जिले में भी रहा था. वह साल 2019 से लेकर 2022 तक रामपुर में एडिशनल एसपी के पद पर तैनात रहे थे.
ये है पूरा मामला
राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज है कि आखिर अखिलेश यादव ने डॉक्टर संसार सिंह की 'पुरानी पोस्टिंग' का जिक्र क्यों किया. इसके पीछे की मुख्य वजह समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान से जुड़ी हुई है. दरअसल, जब डॉक्टर संसार सिंह रामपुर में एएसपी के पद पर तैनात थे, ठीक उसी दौरान सपा नेता आजम खान और उनके पूरे परिवार के खिलाफ प्रशासन द्वारा कई बड़ी कानूनी कार्रवाइयां की गई थीं और मुकदमे दर्ज हुए थे. रामपुर की इस पोस्टिंग के दौरान हुए घटनाक्रमों को अच्छी तरह जानने की वजह से ही अखिलेश यादव ने कन्नौज में डॉक्टर संसार सिंह को सामने देखकर मीडिया के सामने उनकी चुटकी ली थी और कहा था कि वह उनकी पुरानी पोस्टिंग और उनके परिचय को बहुत अच्छी तरह से पहचानते हैं.
ADVERTISEMENT









