Raebareli Viral News: रायबरेली में भीषण गर्मी से बचाने के लिए बिजली विभाग ने पावर ट्रांसफार्मरों के सामने कूलर लगाए, ताकि वे बार-बार ट्रिप न हों और बिजली सप्लाई बाधित न हो. करीब आधे बिजलीघरों में यह ‘कूलिंग थेरेपी’ चल रही है, जो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है.
ADVERTISEMENT
नौतपा की भीषण और जानलेवा गर्मी ने सिर्फ इंसानों के ही नहीं, बल्कि बिजली विभाग के 'पावरफुल' उपकरणों के भी छक्के छुड़ा दिए हैं. हालात इतने बेकाबू हो चुके हैं कि जिले के बिजलीघरों में लगे भारी-भरकम पावर ट्रांसफार्मर गर्मी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और हांफने लगे हैं. बढ़ते पारे के चलते जब ये वीआईपी ट्रांसफार्मर बार-बार 'ट्रिप' होकर बैठ गए, तो बिजली विभाग के हाथ-पांव फूल गए. आनन-फानन में अफसरों ने एक ऐसा अनोखा देसी जुगाड़ निकाला है, जो पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. जी हां, अब इन ट्रांसफार्मरों को भीषण गर्मी से बचाने और ठंडा रखने के लिए उनके सामने बाकायदा बड़े-बड़े कूलर तैनात कर दिए गए हैं!
क्यों आई 'कूलर' लगाने की नौबत?
बिजली विभाग के इस अनोखे रेस्क्यू ऑपरेशन पर रोशनी डालते हुए अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer) अविनाश पटेल ने बताया कि जब पावर ट्रांसफार्मर अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करते हैं, तो उनका खुद का तापमान काफी ज्यादा बढ़ जाता है. ऊपर से आसमान से बरसती आग और बाहर का रिकॉर्ड तोड़ तापमान कोढ़ में खाज का काम कर रहा है.
अविनाश पटेल के मुताबिक, जब अंदरूनी और बाहरी तापमान सीमा से बाहर (Exceed) चला जाता है, तो ट्रांसफार्मर सुरक्षा के लिहाज से बार-बार ट्रिप होने लगते हैं. ट्रांसफार्मर के ट्रिप होते ही पूरे इलाके की बिजली गुल हो जाती है और आपूर्ति बाधित होती है. इसी भीषण हीटिंग की समस्या से निपटने और एयर सर्कुलेशन को बेहतर बनाने के लिए ट्रांसफार्मरों के आगे कूलर लगाए गए हैं, ताकि वे ठंडे रहें और सुचारू रूप से काम कर सकें.
जिले के आधे बिजलीघरों में चल रहा 'कूलर अभियान'
विभाग की मानें तो यह संकट छोटा-मोटा नहीं है. जिले में कुल 54 बिजलीघर (Sub-stations) हैं, जिनमें से करीब 20 से 25 बेहद संवेदनशील और लोड वाले बिजलीघरों में ट्रांसफार्मरों के आगे कूलर दौड़ा दिए गए हैं. अफसरों का दावा है कि इस 'कूलिंग थेरेपी' से ट्रांसफार्मरों को काफी राहत मिल रही है और उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के निर्बाध बिजली सप्लाई देने की पुरजोर कोशिश की जा रही है.
अब देखना यह होगा कि ये सरकारी कूलर इस जानलेवा गर्मी के सितम के आगे कब तक टिक पाते हैं और जनता को कितनी राहत दिला पाते हैं. लेकिन फिलहाल, ट्रांसफार्मर को कूलर की हवा खिलाने का यह वीडियो और खबर सोशल मीडिया से लेकर हर चौक-चौराहे पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है.
ADVERTISEMENT









