कौन हैं मेरठ के एसपी सिटी विनायक भोंसले जिन्होंने गैंगस्टर सलमान की चौखट पर ललकारते हुए कहा- गुनाह की ताकत पर जो आलीशान घर बनाया है...

IPS Vinayak Gopal Bhosale News: मेरठ के एसपी सिटी आईपीएस विनायक गोपाल भोंसले का गैंगस्टर सलमान के घर जाकर चेतावनी देने का वीडियो वायरल. 2022 बैच के इस आईपीएस अफसर की पूरी प्रोफाइल और क्या है पूरा मामला, देखिए आगे खबर में.

IPS Vinayal Bhosle News

उस्मान चौधरी

28 May 2026 (अपडेटेड: 28 May 2026, 12:43 PM)

follow google news

मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले का एक वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है. वह जिले के चिह्नित अपराधी और गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचे थे. सलमान फिलहाल जिला बदर चल रहा था और हाल ही में उसका जिला बदर का समय पूरा होने पर वह मेरठ जिले में दोबारा दिखाई दिया था. इसकी भनक लगते ही एसपी सिटी दल-बल के साथ उसके कोतवाली क्षेत्र स्थित घर पहुंच गए, जहां सलमान का भाई आमिर मिला.

यह भी पढ़ें...

'गुनाह की ताकत पर जो आलीशान घर बनाया है, सब कुर्क होगा'

गैंगस्टर के भाई आमिर को कायदे से समझाते हुए और अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए आईपीएस विनायक गोपाल भोंसले ने बेहद कड़क लहजे में कहा, "ये जो बनाया है न आलीशान घर... अगर यहां पर कानून व्यवस्था, शांति व्यवस्था बिगड़ने की कोशिश की तो ऐसी कार्रवाई होगी कि फिर याद रखोगे." मकान की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने आगे कहा, "और हां, गुनाह की ताकत पर जो यह बना रखा है आलीशान, यह संपत्ति भी कुर्क की जाएगी. अपराधियों के लिए हमारा सख्त मैसेज है. क्या मैसेज है, यह अपने भाई को बता देना."

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शहर में किसी भी हालत में शांति व्यवस्था या कानून व्यवस्था बिगड़ने का प्रयास किया गया, खुद किया या किसी और से करवाया, तो गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क करने से लेकर आर्थिक दंड और जितने भी लीगल प्रावधान हैं, उनके तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "जिला बदर खत्म होने के बाद जो घूम रहे हैं दो-दो गाड़ियों का काफिला लेकर उनको बता देना, ठीक है? और बाकी एक बार बता दिया, दोबारा बताने की नौबत नहीं आनी चाहिए."

जानें कौन हैं IPS विनायक गोपाल भोंसले?

गैंगस्टर को उसकी ही चौखट पर ललकारने वाले आईपीएस अफसर विनायक गोपाल भोंसले की आधिकारिक प्रोफाइल  इस प्रकार है:

  • पूरा नाम: विनायक गोपाल भोंसले 
  • कैडर और आईपीएस वर्ष: IPS-RR 2022
  • पिता का नाम: गोपाल 
  • गृह स्थान: पुणे सिटी, महाराष्ट्र 
  • जन्म तिथि: 13/02/1988
  • शैक्षणिक योग्यता: बी.ए. - पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, पॉलिटिकल साइंस 
  • वर्तमान पदस्थापना: एडिशनल एसपी, सिटी / मेरठ (ADDL.SP (CITY) / MEERUT)
  • वर्तमान रैंक: एडिशनल एसपी (ADDL. SP)

अप्रैल 2025 में मेरठ में नियुक्ति मिलने के बाद से ही विनायक गोपाल भोसले की कार्यशैली और जनता से संवाद का तरीका लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. विनायक गोपाल भोसले मूल रूप से महाराष्ट्र के पुणे के निवासी हैं और अपनी सादगी व अलग अंदाज के कारण लोगों के बीच तेजी से पहचान बना रहे हैं.

आईपीएस विनायक गोपाल भोसले ने अपनी शुरुआती पुलिस सेवा के दौरान उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जिम्मेदारियां निभाई हैं. मेरठ में तैनाती से पहले वह सीतापुर में सीओ सिटी के पद पर कार्यरत थे. इसके अलावा वह मुजफ्फरनगर में अंडर ट्रेनिंग भी रह चुके हैं. 

अप्रैल में उन्होंने मेरठ में एसपी सिटी का चार्ज ग्रहण किया. चार्ज संभालने के कुछ ही दिनों बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. यह वीडियो 17 अप्रैल का बताया गया था, जब मेरठ के चर्चित सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर कुछ महिलाएं धरना प्रदर्शन कर रही थीं. इसी दौरान एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचे और महिलाओं से संवाद किया. बातचीत के दौरान उन्होंने बेहद सहज अंदाज में कहा, "नाम हमारा याद रखना, हम विनायक हैं. आप हमें विनायक भैया कहेंगी तो ज्यादा आनंद होगा."

 

 

उनकी इस बात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने उनके व्यवहार और संवाद शैली की जमकर चर्चा की. आमतौर पर पुलिस अधिकारियों की सख्त छवि देखने को मिलती है, लेकिन विनायक गोपाल भोसले का यह मानवीय और सहज अंदाज लोगों को अलग लगा. कई लोगों ने इसे जनता से जुड़ने का सकारात्मक तरीका बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे चर्चा का विषय बना दिया.

मेरठ जैसे संवेदनशील और बड़े शहर में एसपी सिटी की जिम्मेदारी काफी अहम मानी जाती है. कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनता के बीच समन्वय बनाए रखना इस पद की बड़ी चुनौती होती है. ऐसे में युवा आईपीएस अधिकारी विनायक गोपाल भोसले पर भी बड़ी जिम्मेदारी है. हालांकि, शुरुआती दिनों में ही उन्होंने जिस तरह से जनता के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित किया है, उससे यह साफ है कि वह पारंपरिक पुलिसिंग के साथ-साथ संवाद आधारित पुलिसिंग पर भी भरोसा रखते हैं.

विनायक गोपाल भोसले की कार्यशैली को लेकर पुलिस महकमे में भी चर्चा है. युवा अधिकारी होने के बावजूद वह मौके पर पहुंचकर सीधे लोगों से बातचीत करने में विश्वास रखते हैं. मेरठ में उनकी तैनाती के बाद अब लोगों की नजरें इस बात पर भी टिकी हैं कि वह शहर में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को किस तरह आगे बढ़ाते हैं.