Saharanpur ATS STF Action: सहारनपुर में ATS-STF की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान लिंक के शक में 2 युवक हिरासत में, परिवार बोला- मजदूर हैं बेगुनाह

Saharanpur ATS STF Action: सहारनपुर में ATS-STF की संयुक्त कार्रवाई में शाहरुख और महकाब को पाकिस्तान-लिंक्ड नेटवर्क और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के शक में हिरासत में लेकर लखनऊ ले जाया गया. परिवारों ने आरोपों को खारिज किया है, दोनों को मजदूर बताते हुए निर्दोष कहा है; जांच में अन्य लोगों की हिरासत भी हुई है जिनमें मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड के युवक शामिल हैं.

Saharanpur News

Newzo

• 04:56 PM • 28 May 2026

follow google news

Saharanpur Crime News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ATS और STF की संयुक्त कार्रवाई के बाद सरसावा क्षेत्र के धिक्काकला गांव में दो युवकों की गिरफ्तारी से हड़कंप मच गया है. शाहरुख और महकाब नाम के इन दोनों युवकों को कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर नेटवर्क और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से संबंध होने के आरोप में हिरासत में लेकर लखनऊ ले जाया गया है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियों को कुछ डिजिटल इनपुट मिले थे, जिनमें सोशल मीडिया और विदेशी नंबरों के जरिए संदिग्ध संपर्कों की बात सामने आई थी. इसके आधार पर ATS और STF ने पहले दोनों से पूछताछ की थी, जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया था, लेकिन बाद में दोबारा कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया. इसके साथ ही मुजफ्फरनगर के गगनदीप और उत्तराखंड के मुशर्रफ को भी हिरासत में लेकर जांच में शामिल किया गया है. एजेंसियां अब सभी आरोपियों के ऑनलाइन चैट, डिजिटल गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं.

वहीं, दोनों युवकों के परिवारों ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निर्दोष बताया है. महकाब के पिता हसरत का कहना है कि उनका बेटा मजदूरी करता था और लुधियाना में वेल्डिंग का काम कर रहा था. वहीं शाहरुख के पिता इकराम ने कहा कि उनका बेटा केवल टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था और किसी भी गलत गतिविधि से उसका कोई संबंध नहीं है.

गांव के लोगों के अनुसार दोनों युवक सामान्य और मेहनतकश परिवारों से हैं और किसी भी विवाद में शामिल नहीं रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद गांव में बकरीद का माहौल भी प्रभावित हुआ और लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही हैं और आधिकारिक खुलासे का इंतजार किया जा रहा है.