Mathura Crime News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां दो पक्षों के बीच जरा सी बात पर ऐसा खूनी संघर्ष हुआ कि पूरा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. किसी फिल्म की शूटिंग की तरह कई बदमाश हाथों में अवैध कट्टा लहराते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आए. दिनदहाड़े हुए इस भयानक बवाल में दोनों तरफ से चलीं गोलियों के कारण 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस दुस्साहसिक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूपी पुलिस की साख पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला मथुरा के थाना हाईवे इलाके के अंतर्गत आने वाले महोली गांव का है. यहां 28 मई को 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर भंडारा लगाने और एक बाइक के टकराने को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी शुरू हुई थी. बहसबाजी देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और अवैध हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए. इसके बाद सड़क पर ही गुंडों ने सरेआम कट्टे निकालकर एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच यह रंजिश नई नहीं थी. करीब 6 महीने पहले भी इनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. लेकिन तब गांव के मोजिज लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था. मगर पुराने विवाद की वह आग अंदर ही अंदर धधक रही थी जिसने 28 मई को एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया.
ताबड़तोड़ फायरिंग में 6 लोग हुए घायल
दोनों तरफ से हुई इस अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आने से कुल 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वारदात के दौरान मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बदमाशों को न तो खाकी का कोई खौफ है और न ही कानून का कोई डर. वे सरेआम अपना भौकाल दिखाने के लिए झुंड बनाकर गोलियां दाग रहे हैं.
पुलिस का बड़ा एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले 6 आरोपियों को वर्तमान में हिरासत में ले लिया है और उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार भी बरामद कर लिए हैं.
इस पूरे मामले पर बात करते हुए मथुरा पुलिस ने बताया कि 'महोली गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और फायरिंग के मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर लिया है. इस घटना में कुल 6 लोग चोटिल हुए हैं. घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो को संकलित किया जा रहा है जिसमें फायरिंग करने वाले आरोपियों की स्पष्ट पहचान हो रही है. अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है. मामले में बेहद गंभीर और कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे.'
ADVERTISEMENT









