DUSU चुनाव में अखिलेश यादव ने विशेष यादव पर लगाया था दांव, उनका क्या हुआ?

यूपी तक

• 06:08 PM • 19 Sep 2026

DUSU Election 2026 के फाइनल नतीजों में ABVP ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की जबकि निर्दलीय दीपांशु शौकीन उपाध्यक्ष बने. सपा समर्थित विशेष यादव 837 वोटों से हारे और दूसरे स्थान पर रहे. जानिए सभी सीटों के नतीजे और वोटों का अंतर.

Vishesh and Akhilesh Yadav

Vishesh and Akhilesh Yadav

Google CTA

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के फाइनल नतीजे घोषित हो चुके हैं. नॉर्थ कैंपस के स्पोर्ट स्टेडियम में वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है और एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और सह सचिव पद पर कब्जा जमाते हुए तीन सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी दीपांशु शौकीन ने सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

यह भी पढ़ें...

इस चुनाव में एक बड़ी चर्चा यह भी थी कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पार्टी की छात्र इकाई 'समाजवादी छात्र सभा' ने जिस उम्मीदवार को अपना समर्थन दिया था उसका क्या हुआ? संयुक्त सचिव पद पर सपा समर्थित बागी उम्मीदवार विशेष यादव ने एबीवीपी और एनएसयूआई दोनों को कड़ी टक्कर दी. लेकिन वे महज 837 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए. हालांकि उन्होंने कांग्रेस समर्थित NSUI को तीसरे नंबर पर धकेल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई.

अखिलेश यादव के समर्थित विशेष यादव का क्या हुआ?

संयुक्त सचिव (Joint Secretary) पद का मुकाबला पूरे डूसू चुनाव का सबसे रोमांचक और कांटेदार मुकाबला साबित हुआ. मूल रूप से हरियाणा (गुरुग्राम) के रहने वाले विशेष यादव लंबे समय से NSUI से जुड़े थे. जब NSUI ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो उन्होंने बागी होकर निर्दलीय पर्चा भरा. इसके बाद अखिलेश यादव की पार्टी की छात्र इकाई 'समाजवादी छात्र सभा' ने उन्हें खुलकर समर्थन दिया.

विशेष यादव को कुल 15,778 वोट मिले. वे ABVP के विजेता प्रत्याशी लक्ष्यराज सिंह (16,615 वोट) से मात्र 837 वोटों के अंतर से पीछे रह गए. अखिलेश यादव के समर्थन के दम पर विशेष यादव ने कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के प्रत्याशी गोपाल चौधरी (15,206 वोट) को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया.

ABVP की हैट्रिक

डीयू के मतदान के बाद आए नतीजों में एबीवीपी ने मुख्य पैनल में तीन सीटों पर कब्जा जमाया.

अध्यक्ष: ABVP के यश डाबास ने 24,576 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. उन्होंने NSUI के विजय शंकर मीणा (22,523 वोट) को 2,053 वोटों के अंतर से हराया. इस सीट पर नोटा को रिकॉर्ड 4,310 वोट मिले.

सचिव: ABVP की रिया छावड़ी ने 21,650 वोट पाकर जीत हासिल की. उन्होंने NSUI की नम्रता चौधरी (14,869 वोट) को 6,781 वोटों के बड़े अंतर से हराया.

संयुक्त सचिव: ABVP के लक्ष्यराज सिंह ने 16,615 वोट हासिल कर 837 वोटों के मार्जिन से जीत दर्ज की.

निर्दलीय दीपांशु की एकतरफा जीत

उपाध्यक्ष (Vice President) पद पर डूसू इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला. निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने रिकॉर्ड 30,615 वोट हासिल कर धमाकेदार जीत दर्ज की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी ABVP के ईशु मौर्या (16,910 वोट) को सीधे 13,705 वोटों के भारी-भरकम अंतर से शिकस्त दी.

ये भी पढ़ें: बसपा से बड़े ब्राह्मण नेता मयंक द्विवेदी को तोड़ लाए अखिलेश यादव! इस सीट पर खेलेंगे दांव