दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में अखिलेश यादव के कैंडिडेट विशेष यादव का क्या है हाल?

यूपी तक

19 Sep 2026 (अपडेटेड: 19 Sep 2026, 02:04 PM)

DUSU Election Results में संयुक्त सचिव पद पर विशेष यादव बढ़त बनाए हुए हैं. जानिए कौन हैं विशेष यादव, NSUI से बगावत की वजह, समाजवादी छात्र सभा का समर्थन और अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव पद के ताजा चुनावी नतीजे.

Vishesh and Akhilesh yadav

Vishesh and Akhilesh yadav

Google CTA

DUSU Election Results: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव की मतगणना में संयुक्त सचिव (Joint Secretary) पद पर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) से बागी होकर समाजवादी छात्र सभा के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरे हरियाणा के विशेष यादव 6,165 वोट हासिल कर बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं. एबीवीपी (ABVP) और एनएसयूआई जैसे छात्र संगठनों के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए विशेष यादव की यह बढ़त डूसू चुनाव के नतीजों में सबसे अधिक चर्चा में है.

यह भी पढ़ें...

कौन हैं विशेष यादव?

विशेष यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं. वह गुरुग्राम क्षेत्र के युवाओं और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के बीच अपनी सक्रियता के लिए जाने जाते हैं. विशेष लंबे समय से एनएसयूआई से जुड़े रहे हैं और संगठन की बैठकों व चुनावी तैयारियों में प्रमुख भूमिका निभाते आए थे. हालांकि एनएसयूआई द्वारा टिकट न दिए जाने पर उन्होंने बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में संयुक्त सचिव पद पर पर्चा भरा.

समाजवादी छात्र सभा का समर्थन

बागी के रूप में मैदान में उतरने के बाद उन्हें समाजवादी पार्टी की छात्र इकाई 'समाजवादी छात्र सभा' का समर्थन मिला. सोशल मीडिया और धरातल पर छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने के कारण उन्हें युवाओं का बड़ा समर्थन हासिल हुआ.

संयुक्त सचिव पद पर वोटों का समीकरण

सातवें दौर की मतगणना के बाद संयुक्त सचिव पद का मुकाबला इस प्रकार है.

विशेष यादव: 6,165 वोट (आगे)

एबीवीपी उम्मीदवार: 5,386 वोट

एनएसयूआई उम्मीदवार: 5,339 वोट

डूसू के अन्य पदों का ताजा हाल (7वें दौर की गिनती के बाद)

अध्यक्ष (President): एबीवीपी के यश डबास 8,825 वोट पाकर एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा (8,216 वोट) से 609 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

उपाध्यक्ष (Vice President): निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन 11,347 वोटों के साथ मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं.

सचिव (Secretary): एबीवीपी के उम्मीदवार 7,584 वोट हासिल कर एनएसयूआई (5,445 वोट) से काफी आगे हैं.


बता दें कि विश्वविद्यालय के खेल स्टेडियम स्थित बहुउद्देशीय हॉल में सुबह 8 बजे से 960 ईवीएम (EVM) के जरिए वोटों की गिनती जारी है. हाल ही में हुए पेपर लीक विवाद और छात्र आंदोलन के बीच हुए इस चुनाव में एबीवीपी, एनएसयूआई, वामपंथी गठबंधन (AISA-SFI) के अलावा निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों की मौजूदगी ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है.

ये भी पढ़ें: सपा नेताओं को 'चूड़ी पहन लो' बोलकर भिड़ने वाले कोतवाल शिव शंकर सिंह कौन हैं? अखिलेश यादव ने दिया था ऐसा जवाब