अब जो भी कहूंगा... ADM ज्योति मौर्य के पति आलोक ने बीमार हालत में अस्पताल से करी अपील, कह दी ये बात

यूपी तक

14 Apr 2026 (अपडेटेड: 14 Apr 2026, 04:00 PM)

Alok Maurya hospitalized: ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य का विवाद एक बार फिर चर्चा में है. गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती आलोक मौर्य ने लोगों से आर्थिक मदद की अपील की है. वहीं, पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य ने सुलह की खबरों को अफवाह बताते हुए कहा कि उनका तलाक का केस कोर्ट में जारी है.

Alok Maurya hospitalized

Alok Maurya hospitalized

Google CTA

Alok Maurya hospitalized: ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य. उत्तर प्रदेश निवासी ये दंपति अक्सर चर्चा के केंद्र में रहते हैं. ज्योति मौर्य PCS अधिकारी हैं और मौजूदा वक्त में ADM के रूप में गाजियाबाद में तैनात हैं. वहीं, उनके पति आलोक मौर्य सफाईकर्मी हैं. दोनों के शादीशुदा जीवन में उथल-पुथल तब मची जब कुछ साल पहले आलोक ने आरोप लगाया था कि उन्होंने ज्योति को पढ़ा-लिखाकर अफसर बनाया और अब वो उनके साथ नहीं रहना चाहती हैं. हालांकि,  पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच सुलह की खबरें आ रही थीं. मगर इस मामले में ज्योति की चुप्पी ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए. इस बीच खबर मिली है कि तबीयत खराब होने के बाद आलोक अस्पताल में भर्ती हुए और उन्होंने वहां से एक अपील भी की. 

यह भी पढ़ें...

अस्पताल से बात करते हुए आलोक ने कहा कि जो लोग चाहें उनके इलाज के लिए आर्टिक मदद दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वह कोई भी बयान देंगे. उन्होंने ये भी अपील की है कि लोग अस्पताल में मिलने न आएं इससे हॉस्पिटल में असुविधा हो रही है. आलोक ने कहा, "मेरी तबीयत ठीक नहीं है, जो भी आशीर्वाद देना चाहते हैं, क्यूआर कोड के माध्यम से जुड़ें." 

सुलह के दावों पर ज्योति मौर्य ने क्या कहा था?

पिछले कुछ दिनों से आलोक मौर्य यह दावा कर रहे थे कि उनके और ज्योति के बीच समझौता हो गया है. हालांकि, गाजियाबाद में तैनात ADM ज्योति मौर्य ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. ज्योति का कहना है कि समझौते की खबरें महज एक अफवाह हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है. उनका तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है और जल्द ही उस पर फैसला आने वाला है.

क्या था पूरा विवाद?

यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब सफाई कर्मचारी पति आलोक मौर्य ने आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी पत्नी ज्योति को मेहनत करके एसडीएम बनाया, लेकिन अधिकारी बनने के बाद ज्योति ने उन्हें छोड़ दिया. आलोक ने ज्योति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए थे, तो वहीं ज्योति मौर्य ने आलोक पर शादी के समय अपनी पहचान (अधिकारी होने का झूठा दावा) छिपाने और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए थे. 

अस्पताल में भर्ती आलोक मौर्य अब भी यह इच्छा जता रहे हैं कि वे ज्योति मौर्य के साथ बैठकर बात करना चाहते हैं ताकि मामला सुलझ सके. लेकिन ज्योति मौर्य के कड़े रुख को देखते हुए फिलहाल सुलह की कोई गुंजाइश नजर नहीं आ रही है. अब देखना यह होगा कि कोर्ट का फैसला क्या आता है और क्या आलोक की मदद के लिए लोग आगे आते हैं.