अलीगढ़ के गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रचा इतिहास, 10,000 मीटर में जीता सिल्वर और 5000 मीटर में कांस्य

आशुतोष चौबे

02 Aug 2026 (अपडेटेड: 02 Aug 2026, 11:37 AM)

पूरे भारत के लिए गर्व का पल है. अलीगढ़ के अतरौली तहसील के सिरसा गांव के रहने वाले धावक और नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है.

Gulveer Singh Commonwealth Games 2026

Gulveer Singh Commonwealth Games 2026

Google CTA

Gulveer Singh Commonwealth Games 2026: पूरे भारत के लिए गर्व का पल है. अलीगढ़ के अतरौली तहसील के सिरसा गांव के रहने वाले धावक और नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है. गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने के साथ ही 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया है. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे अलीगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है.

यह भी पढ़ें...

10,000 मीटर में भारत को दिलाया पहला पदक

गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुषों की 10,000 मीटर स्पर्धा में 27 मिनट 49.78 सेकंड का समय निकालते हुए रजत पदक जीता. खास बात यह है कि कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में पुरुषों की 10,000 मीटर स्पर्धा में भारत का यह पहला पदक है. गुलवीर के इस प्रदर्शन ने न केवल अलीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है. 10,000 मीटर की दौड़ के दौरान मौसम भी बेहद चुनौतीपूर्ण रहा. लगातार बारिश और कठिन परिस्थितियों के बावजूद गुलवीर सिंह ने धैर्य, फिटनेस और शानदार रणनीति का परिचय दिया और रजत पदक अपने नाम किया.

5000 मीटर में भी जीता कांस्य

गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया. इस स्पर्धा में भी उन्होंने इतिहास रचा है. राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 5000 मीटर दौड़ स्पर्धा के इतिहास में भारत का यह पहला पदक है. इस तरह गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतकर भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की है.

गुलवीर की इस सफलता पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी खुशी जताई और उन्हें बधाई दी. सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर गुलवीर सिंह की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 5000 मीटर दौड़ स्पर्धा के इतिहास में भारत को पहला पदक दिलाना बेहद गौरवपूर्ण उपलब्धि है.

सीएम योगी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में गुलवीर सिंह की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि देश के असंख्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी. उन्होंने गुलवीर को भारत का गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं.
गुलवीर सिंह की इस उपलब्धि से उनके परिवार और गांव में जश्न का माहौल है. परिवार के लोग खुशी मना रहे हैं और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मना रहे हैं. स्थानीय लोगों में भी गुलवीर की उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह है.
 

सेना में जेसीओ के रूप में दे रहे सेवा

गुलवीर सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट होने के साथ भारतीय सेना की प्रतिष्ठित द ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में जूनियर कमीशंड ऑफिसर यानी जेसीओ के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं.