4 लाशें, 3 तमंचे और एक वीडियो... बलरामपुर में पति-पत्नी व 2 बच्चों के मौत की कहानी ने चौंकाया

सुजीत कुमार

01 Aug 2026 (अपडेटेड: 01 Aug 2026, 10:58 AM)

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक ही मकान के अंदर परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई. कोतवाली देहात क्षेत्र के चौहना गांव के गोसाई पुरवा में शुक्रवार 31 जुलाई की शाम करीब 7 बजे गोलीबारी की घटना सामने आई.

Balrampur Murder Case

Balrampur Murder Case

Google CTA

Balrampur Shooting Case: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक ही मकान के अंदर परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई. कोतवाली देहात क्षेत्र के चौहना गांव के गोसाई पुरवा में शुक्रवार 31 जुलाई की शाम करीब 7 बजे गोलीबारी की घटना सामने आई. घर के अंदर 28 साल के बजरंग गिरी, उनकी 25 साल पत्नी कोमल, 3 साल के बेटे और 10 महीने के मासूम का शव खून से लथपथ मिला. घटना की सूचना मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आखिर चारों की मौत कैसे हुई और इसके पीछे की वजह क्या थी, पुलिस अब इसकी जांच में जुटी है.

यह भी पढ़ें...

घर के अंदर मिले चार शव

जानकारी मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सील कर दिया और काफी देर तक बारीकी से जांच की. मृतक के भाई रामकुमार गिरी ने बताया कि घटना के समय परिवार के बाकी सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे. यानी घर में उस वक्त बजरंग, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे ही थे. ग्रामीणों के पहुंचने पर चारों के शव घर के अंदर मिले. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

तीन तमंचे और खून लगी कैंची बरामद

पुलिस के मुताबिक घटनास्थल की जांच के दौरान मृतक के छोटे भाई ने तीन तमंचे पुलिस को सौंपे. बताया गया कि ये तमंचे शवों के पास पड़े थे, जिन्हें परिवार के लोगों ने वहां से हटा दिया था. पुलिस ने तीनों तमंचों को कब्जे में ले लिया. घटनास्थल वाले कमरे से खून लगी एक कैंची भी मिली है. इसके अलावा दूसरे कमरे में रखे बक्सों पर भी खून की कुछ बूंदें मिली हैं. पुलिस ने इन सभी साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है.

CCTV में नहीं कैद हुई वारदात, मोबाइल से मिला वीडियो

मौके पर लगे CCTV कैमरे की भी जांच की गई, लेकिन उसमें घटना कैद नहीं हुई. पुलिस के अनुसार कैमरे में एक समय के बाद फुटेज उपलब्ध नहीं है और करीब 7:30 बजे के आसपास की फुटेज में घटनास्थल के बाहर भीड़ दिखाई दे रही है. इसके अलावा बजरंग और उनकी पत्नी के बताए जा रहे दो मोबाइल फोन भी मृतक के भाई से पुलिस को मिले हैं. पुलिस ने दोनों मोबाइल की गहनता से जांच की. इसी दौरान एक वीडियो मिला, जिसमें बजरंग अपने और अपने परिवार की हत्या से जुड़ी बात कर रहा है और इसमें लेन-देन का जिक्र बताया गया है.

पुलिस बोली- हर पहलू से हो रही जांच

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में ऐसी आशंका सामने आई है कि पहले पत्नी को गोलियां मारी गईं, इसके बाद दोनों बच्चों को गोली मारी गई और फिर बजरंग की भी मौत हुई. हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस अधिकारी ने बताया, "हम लोगों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और परिवारजनों से पूछताछ की. मृतक के छोटे भाई ने हमें तीन तमंचे दिए, जो उनके मुताबिक बॉडी के पास थे. इसके अलावा घटनास्थल से खून लगी कैंची और दूसरे कमरे में बक्सों पर ब्लड के ड्रॉप्स मिले हैं." पुलिस ने कहा कि मोबाइल फोन, पारिवारिक परिस्थितियों, आर्थिक और सामाजिक पहलुओं समेत सभी संभावित एंगल की जांच की जा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह

चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों, मोबाइल फोन की जांच और परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, "इन सभी साक्ष्यों के साथ अभी पुलिस ने साक्ष्य इकट्ठा किए हैं और सभी पहलुओं की विवेचना करते हुए हम लोग अग्रिम कार्यवाही करेंगे. हम लोग इस घटना को न्याय तक पहुंचाएंगे." फिलहाल मृतक के दोनों भाइयों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर एक ही घर में पति-पत्नी और दो मासूमों की मौत की पूरी कहानी क्या है.