Exam Special Train: रेलवे भर्ती बोर्ड 2026 की परीक्षा देने जा रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है. रेलवे ने छात्रों के सफर को सुगम बनाने के लिए एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है. पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने जानकारी देते हुए बताया है कि 3 अगस्त 2026 से 25 अगस्त 2026 तक चलने वाले आरआरबी लेवल-1 (ग्रुप-डी) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए 'मऊ-बरेली-मऊ परीक्षा विशेष' ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया है. यह स्पेशल ट्रेन अगस्त महीने की अलग-अलग तारीखों पर चलाई जाएगी. इस दौरान यह ट्रेन दोनों तरफ से कुल 16 फेरे लगाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को सफर में आसानी होगी.
ADVERTISEMENT
मऊ से बरेली ट्रेन की तारीखें
गाड़ी संख्या 05185 मऊ-बरेली परीक्षा विशेष ट्रेन 2 से 5 अगस्त, 8 से 13 अगस्त, 16 से 20 अगस्त और 24 अगस्त 2026 को मऊ से चलेगी. यह ट्रेन मऊ स्टेशन से सुबह 11:45 बजे निकल जाएगी. इसके बाद रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर रुकते हुए यह ट्रेन अगले दिन सुबह 6:10 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी.
बरेली से मऊ ट्रेन का शेड्यूल
बरेली से गाड़ी संख्या 05186 वापस मऊ के लिए, बरेली-मऊ परीक्षा विशेष ट्रेन 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त, 17 से 21 अगस्त और 25 अगस्त 2026 तक चलेगी. यह ट्रेन बरेली जंक्शन से दोपहर 15:25 बजे (दोपहर 3:25 बजे) रवाना होगी. इसके बाद यह ट्रेन सफर पूरा करते हुए अगले दिन सुबह 8:20 बजे मऊ स्टेशन पहुंचेगी.
इन सभी स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
सफर के दौरान यह परीक्षा स्पेशल ट्रेन मऊ और बरेली के बीच कई अहम स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या, अयोध्या कैंट, बादशाह नगर, डालीगंज, सीतापुर, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी और बरेली जंक्शन स्टेशन शामिल हैं. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन की सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं.
ADVERTISEMENT











