जंतर-मंतर पर जिस लड़की ने PM मोदी को दी थी गालियां, अब उसकी मां ने क्या कहा?

यूपी तक

• 12:30 PM • 02 Aug 2026

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में करीब 37 दिनों तक चले प्रदर्शन के दौरान कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर विवाद अब भी जारी है. इस मामले में पीएम नरेंद्र मोदी को गालियां और अपशब्द कहने लड़की के खिलाफ नोएडा पुलिस की ओर से दर्ज की गई जीरो FIR के बाद उसकी मां सामने आई हैं.

Jantar Mantar Girl FIR Case

Jantar Mantar Girl FIR Case

Google CTA

Jantar Mantar Girl FIR Case: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में करीब 37 दिनों तक चले प्रदर्शन के दौरान कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर विवाद अब भी जारी है. इस मामले में पीएम नरेंद्र मोदी को गालियां और अपशब्द कहने लड़की के खिलाफ नोएडा पुलिस की ओर से दर्ज की गई जीरो FIR के बाद उसकी मां सामने आई हैं. मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बेटी के खिलाफ दर्ज FIR खत्म करने की अपील की है. उन्होंने आरोप लगाया कि FIR में बच्ची की उम्र गलत तरीके से दर्ज की गई है. वहीं, सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर मोदी समर्थकों और सीजेपी समर्थकों के बीच भी बहस छिड़ी हुई है. लड़की की मां ने अपनी बेटी की ओर से माफी मांगते हुए सोशल मीडिया पर बच्चों की उम्र और उनकी समझ को लेकर भी कई सवाल उठाए हैं.

यह भी पढ़ें...

बेटी के लिए मां ने PM मोदी से मांगी माफी

लड़की की मां ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्हें बेटी के बयान को लेकर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा, 'मैं Instagram नहीं चलाती हूं, जिस समय मैंने पहली बार यह सुना, मुझे लोग कह रहे हैं कि ऐसे मां-बाप को डूब मर जाना चाहिए. मैं कह रही मुझे शब्द नहीं है मेरे पास कि मैं क्या बोलूं.' उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनकी बेटी की बात नहीं है, बल्कि 10 से 20 साल की उम्र के कई बच्चे सोशल मीडिया और मौजूदा माहौल से प्रभावित हो रहे हैं. मां ने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा, 'मेरा निवेदन है पीएम मोदी जी से प्लीज यह Instagram, Facebook नए बच्चों के लिए 10 से 20 साल वाले बच्चों के लिए रोक दिया जाए. इनको सिर्फ पढ़ने दिया जाए.'

लड़की की मां ने सरकार से की ये अपील

लड़की की मां ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कम उम्र के बच्चों की पहुंच को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा, 'इनको प्रोटेस्ट ये सब जो भी चीजें चलती रहती हैं आम आदमी छोटे बच्चों को उसमें एंट्री ना दी जाए. अंडर 18 बच्चों को उसमें एंट्री ना दी जाए. इन बच्चों का सिर्फ फायदा उठाया जाता है.' उनका कहना था कि कम उम्र के बच्चों को दुनिया, समाज और सही-गलत की पूरी समझ नहीं होती. उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को यह नहीं पता होता कि किसके लिए क्या बोलना है और कितना बोलना है. इसी वजह से उन्होंने सरकार से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया और ऐसे आंदोलनों से दूर रखने की मांग की.

‘PM मोदी ने बच्ची को जीवनदान दिया’

लड़की की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले बच्चों को माफ करने की बात कही थी. मां ने कहा, 'उन्होंने अपनी महानता दिखाते हुए देश की बेटी को माफ किया है. मेरा उनसे हाथ जोड़ जोड़ के उनको धन्यवाद.' उन्होंने आगे कहा कि उनकी बेटी का जन्मदिन भी है और प्रधानमंत्री की ओर से माफी को उन्होंने उसके लिए जीवनदान के तौर पर देखा. मां ने भावुक अपील करते हुए कहा, 'पीएम मोदी जी इस बच्ची को भी गोद ले लो और इसका जीवन सवार दो. जैसे आप गांव-गांव को गोद ले रहे हो भारत को सवार रहे हो. एक छोटी सी पहल इस बच्ची को गोद ले लो और इसका जीवन सवार दो.'

घर पर पुलिस पहुंचने का भी किया जिक्र

मां ने दावा किया कि मामले के बाद पुलिस की कई गाड़ियां उनके घर पहुंच रही हैं और इससे परिवार परेशान है. उन्होंने कहा, 'घर-घर पुलिस आ रही है. चार-चार गाड़ियां आ रही है. स्कॉर्पियो भर-भर के आ रही है. दो मां बेटी हैं. गलती हुई है. माफी भी मांग रहे हैं. बार-बार मांग रहे हैं माफी और कैसे मांगे? आप बताइए.' उन्होंने कहा कि परिवार अपनी गलती को लेकर शर्मिंदा है. इसी के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री से बेटी के खिलाफ दर्ज FIR खत्म करने की मांग दोहराई. उनका कहना था, 'मेरी माननीय पीएम नरेंद्र मोदी जी से दरख्वास्त है कि जो इस बच्ची के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है, गलत एज मेंशन करके यह एफआईआर की गई है. कृपया करके उसे खारिज करें जिससे यह बच्ची सुकून से रह सके.'

गुरुवार को दर्ज हुई थी जीरो FIR

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को इस लड़की के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की वकील स्मृति सिंह चंदेल ने शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद नोएडा में जीरो FIR दर्ज की गई. आरोप लगाया गया कि 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान लड़की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की. मामले में नोएडा पुलिस ने BNS की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत मामला दर्ज किया. यह जीरो FIR थी, जिसे बाद में नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, मामला नोएडा में दर्ज हुआ था, लेकिन कथित घटना नई दिल्ली में हुई थी, इसलिए इसे संबंधित क्षेत्र में ट्रांसफर किया गया.

PM मोदी ने Instagram वीडियो में कही थी ये बात

इस मामले के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात Instagram पर एक वीडियो जारी कर जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी थी. प्रधानमंत्री ने कहा था कि कुछ बच्चों ने उन्हें और उनकी दिवंगत मां को लेकर भद्दी भाषा का इस्तेमाल किया, लेकिन उन्होंने बच्चों को माफ करने की बात कही. पीएम मोदी ने कहा, 'समय है इन बच्चों को गले लगा के राह दिखाने का. यह गुमराह बच्चे हैं. उनको राह दिखाना हमारा काम है. उनको सजा देना, अदालतों के चक्कर कटवाना, समाज में उनको प्रताड़ित करना. इससे हम परिस्थितियां नहीं बदल पाएंगे. मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं.' उन्होंने बच्चों को गलतियों से सीखकर आगे बढ़ने और देश के लिए काम करने की अपील भी की.

FIR और माफी के बीच जारी है बहस

प्रधानमंत्री के माफी वाले बयान के बाद भी इस मामले पर राजनीतिक और सोशल मीडिया बहस खत्म नहीं हुई. कुछ विरोधी नेताओं और लोगों ने प्रधानमंत्री के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें माफी देने के बजाय खुद माफी मांगनी चाहिए. वहीं, लड़की की मां लगातार बेटी के खिलाफ दर्ज FIR खत्म करने की मांग कर रही हैं. उनका कहना है कि परिवार अपनी गलती स्वीकार कर चुका है और बार-बार माफी मांग रहा है. अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई, FIR के आगे की प्रक्रिया और लड़की की उम्र को लेकर किए जा रहे दावों पर आगे क्या कदम उठता है, इस पर सभी की नजर है.
(पीटीआई के इनपुट से)