Amethi Murder Case: गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका का मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT
यह घटना चतुरीपुर मऊ गांव की है, जहां 14 अप्रैल की देर रात अमिता देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. 15 अप्रैल की सुबह उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर नहर किनारे खेत में पड़ा मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की.
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी सनोज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनोज को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ. बाद में उसके साथी दुर्गेश्वरी गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में सामने आया कि सनोज और मृतका एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच फोन पर बातचीत होती थी. सनोज कुछ समय से फरीदाबाद में रह रहा था, लेकिन 11 अप्रैल को गांव लौटा था. इस दौरान उसे मृतका के फोन पर व्यस्त रहने को लेकर शक हुआ, जिससे नाराज होकर उसने अपने दोस्त दुर्गेश्वरी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.
14 अप्रैल की रात दोनों आरोपी युवती के घर के पास पहुंचे और फोन कर उसे बाहर बुलाया. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर युवती द्वारा थप्पड़ मारने से नाराज होकर सनोज ने उसे जमीन पर गिरा दिया. इसके बाद दुर्गेश्वरी ने उसके पैर पकड़ लिए और सनोज ने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए दोनों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों व बाग में स्थित कुएं के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका का मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए. इस पूरी कार्रवाई में गौरीगंज पुलिस टीम की अहम भूमिका रही. पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT









