Amethi Gas Cylinder Crisis: अमेठी ज़िले में घरेलू और कमर्शियल गैस की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. नगर स्थित गैस एजेंसी बंद होने के कारण आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालत यह है कि लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए रामगंज बाजार और संग्रामपुर तक जाना पड़ रहा है जो अमेठी नगर से करीब 26 किलोमीटर दूर हैं. इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है.
ADVERTISEMENT
इसी समस्या के साथ-साथ स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल जनपद अमेठी के जिला अध्यक्ष महेश सोनी की अगुवाई में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता से मुलाकात कर बताया कि गैस संकट के चलते घरेलू और कमर्शियल उपभोक्ता परेशान हैं. वहीं स्मार्ट मीटर की तकनीकी खामियों के कारण पूरे जनपद में उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
गैस न मिलने से कारोबार पर पड़ रहा असर
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि गैस एजेंसी बंद होने के बाद से लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों में जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है. खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे व्यापारियों को इससे सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है. व्यापारियों का कहना है कि समय पर गैस न मिलने से उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है.
एक सप्ताह के भीतर समाधान का प्रयास
अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता ने ज्ञापन लेते हुए व्यापार मंडल को आश्वस्त किया कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से ले रहा है और एक सप्ताह के भीतर गैस समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा. इस मौके पर प्रदेश मंत्री अमर चौरसिया, जिला प्रभारी रामजी अगहरी, वरिष्ठ जिला महामंत्री सुशील जायसवाल सहित राहुल लोहिया, सीवान सगहरी, हिमांशु कसौधान, सोनू कसौधान, प्रदीप जायसवाल, कमल अग्रहरी, घनश्याम वर्मा, कमल सरोज, विकास सरोज, संदीप अग्रहरि, पवन वैश्य, राज वैश्य, चित्रांशु जायसवाल, मोनू सोनी समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT









