Amethi News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मां पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया. भाजपा की जना क्रोश रैली के दौरान सुषमा खर्कवाल के बयान के विरोध में गुरुवार को अमेठी कस्बे में समाजवादी पार्टी महिला सभा सड़क पर उतर आई. महिला सभा की जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी की. बैनरों पर बीजेपी की मेयर सुषमा खर्कवाल मुर्दाबाद जैसे नारे लिखे थे. प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बैनर को चप्पलों से पीटकर अपना विरोध जताया.
दरअसल, महिला आरक्षण बिल को लेकर आयोजित भाजपा की जनाक्रोश रैली में सुषमा खर्कवाल ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि अखिलेश को जिस मां ने पैदा किया, उन्होंने उनका अपमान किया है. बयान सामने आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई.
विरोध प्रदर्शन के बाद समाजवादी महिला सभा का प्रतिनिधिमंडल अमेठी तहसील पहुंचा, जहां उप जिलाधिकारी आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में मांग की गई कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री तक भेजा जाए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह ने कहा, भाजपा नेताओं द्वारा लगातार अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है. सुषमा खर्कवाल द्वारा हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की माताजी पर की गई टिप्पणी बेहद शर्मनाक और निंदनीय है. यह सिर्फ एक मां का नहीं, बल्कि पूरे नारी समाज का अपमान है. समाजवादी महिला सभा इस तरह की अभद्र भाषा को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









