Amethi News: अमेठी: तिलोई तहसील परिसर आज अचानक जंग का अखाड़ा बन गया, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो अधिवक्ताओं के गुट आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तहसील परिसर में जमकर लात-घूंसे चले और कई लोग घायल हो गए. घटना से तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद अधिवक्ताओं व आम लोगों में दहशत फैल गई.
ADVERTISEMENT
घटना तिलोई तहसील में नायब तहसीलदार की कोर्ट के सामने हुई. जानकारी के मुताबिक, सिंहपुर मंडल अध्यक्ष और टेढई ग्राम पंचायत के प्रधान गौरव श्रीवास्तव के चचेरे भाई अधिवक्ता अश्वनी श्रीवास्तव और दूसरे पक्ष से पूर्व भाजपा मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय के भाई विवेक पांडेय के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. शुरुआत में वहां मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था.
लेकिन कुछ देर बाद विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया. आरोप है कि अनिल पांडेय के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच दोबारा कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान अधिवक्ता अश्वनी श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए. तहसील परिसर में मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली मोहनगंज पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची.
पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायल अधिवक्ता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घटना के बाद तहसील परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा. पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है.
ADVERTISEMENT









