Ballia Police Action: उत्तर प्रदेश के बलिया में यातायात नियमों को ताख पर रखने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है. पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भारी जुर्माना लगाया है.
ADVERTISEMENT
बुलेट चालकों पर खास नजर
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने केवल मॉडिफाइड साइलेंसर ही नहीं बल्कि अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी शिकंजा कसा. 240 वाहनों का मोटर व्हीकल एमवी एक्ट के तहत चालान किया गया और उनसे 4,85,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया है.
क्यों हो रही है यह कार्रवाई?
प्रशासन का मानना है की बुलेट और स्पोर्ट्स बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगाने से न केवल अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण हो रहा है बल्कि यह आमजन की शांति और स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है. यह प्रवृत्ति सड़क सुरक्षा के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गई है.
पुलिस की आम जनता से अपील
इस अभियान के साथ-साथ पुलिस में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दिया. पुलिस ने संदेश दिया है कि 'सड़क पर सावधानी' 'घर में खुशहाली' 'हेलमेट लगाओ' 'जीवन बचाओ' 'सीट बेल्ट बांधों' 'सुरक्षित पहुंचे'. यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह नियम तोड़ने से बचे, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें ताकि सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके.
ADVERTISEMENT









