Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में इन दिनों प्रचंड गर्मी का कहर जारी है. इस भीषण गर्मी में बिजली की अघोषित कटौती और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है. सरकार के 24 घंटे बिजली देने के दावों के बीच बलिया की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. इसी से परेशान होकर आम जनता और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
ADVERTISEMENT
सामाजिक कार्यकर्ता रिपुंजय रमन पाठक उर्फ रानू के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भीषण गर्मी में घोषित बिजली कटौती के कारण आम जनजीवन अस्त व्यस्त है. वहीं स्मार्ट मीटर में हो रही अनियमितताओं ने लोगों की जेब ढीली कर दी है. उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उनका व्यापक स्तर पर शोषण किया जा रहा है.
विभाग को सौंप गए पत्र में उपभोक्ताओं ने मांग किया कि सरकार के वादे के अनुसार 24 घंटे निर्बाध बिजली सुनिश्चित की जाए. स्मार्ट मीटर को हटाकर दोबारा पुरानी पोस्टपेड मीटर व्यवस्था बहाल की जाए.
बिजली विभाग को दी गई चेतावनी में कहा गया है कि यदि इन समस्याओं का समाधान जल्द नहीं निकला गया तो बलिया की जनता चुप नहीं बैठेगी. उपभोक्ताओं ने साफ कर दिया है कि अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए वह किसी भी हद तक जाने और सड़कों पर उतर कर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे. फिलहाल बिजली विभाग की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन स्थानीय लोगों का आक्रोश साफ बता रहा है कि यदि समय रहते व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो विभाग की मुश्किलें बढ़ सकती है.
ADVERTISEMENT









